मसूरी:- मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता अमित कुमार व सहायक अभियंता टीएस पंवार को ज्ञापन देकर आम जनता व व्यापारियों का उत्पीड़न न करने की मांग की है। उन्होंने ज्ञापन में कहा कि उत्तराखंड जल संस्थान मसूरी के अधिकारी नागरिकों के पानी के कनेक्शन व सीवर के कनेक्शन काट रहे हैं।
उत्तराखंड जल संस्थान के अधिकारी गत एक माह से मसूरी के नागरिकों व व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहे हैं जिसके तहत वे लोगों के सीवर कनेक्शन न होने व किचन का पानी सीवर में डाले जाने के नाम पर पानी व सीवर के कनेक्शन काट रहे हैं। ज्ञापन में अवगत कराया गया कि अधिकतर मसूरी वासियों के पास पानी के कनेक्शन है तथा समय समय पर बिल का भुगतान किया जाता है परंतु अभी शुरू हुई यमुना पेयजल योजना व सीवर योजना के अंतर्गत अभी पूरी सेवाएं उपलब्ध नहीं हुई है, वही अगर भूल से अगर किसी निवासी या व्यापारी के द्वारा सीवर का कनेक्शन नहीं लिया गया तो ऐसे में उत्तराखंड जल संस्थान के अधिकारियों द्वारा उस उपभोक्ता का पानी का कनेक्शन काट दिया जाता है और सीवर लाइन को बंद कर दिया जाता है जिससे की समस्त नागरिक और व्यापारी परेशान है। ज्ञापन में कहा गया कि अगर किसी करण वश मसूरी के निवासी या व्यापारी के पास कोई त्रुटि पाई जाती है तो कम से कम 15 दिन का समय नोटिस देकर त्रुटि को सुधारने का अवसर दिया जाना चाहिए जिससे किसी को परेशानी न हो व वह अपनी त्रुटियों को सुधार सके। अगर किसी रेस्टोरेंट स्वामी या होटल स्वामी के पास ग्रीस ट्रैप उपलब्ध नहीं हो तो ऐसे में कम से कम 15 दिन का समय देकर ही कार्यवाही करनी चाहिए। ग्रीस ट्रैप लगाने की अनिवार्यता से छोटे ढाबा स्वामियों और दुकानों को छूट मिलनी चाहिए। वहीं अगर गलती से किसी निवासी या उपभोक्ता ने बारिश के पानी को सीवर लाइन में जोड़ दिया है तो इस संबध में उनको समय दिया जाना चाहिए ताकि वह बरसाती पानी को सीवर लाइन से हटा लें। वहीं मांग की कि मसूरी के नागरिकों के घर के सीवर संयोजन के शुल्क में छूट होनी चाहिये जिससे की अधिक से अधिक उपभोक्ता इसका लाभ ले सकें। ज्ञापन में कहा गया कि जल संस्थान की इस कार्रवाई से मसूरी में डर का माहौल न बनाकर आपसी सौहार्द का माहौल बनाकर कार्य करें जिससे न जनता को परेशानी हो और न विभाग का नुकसान हो। ज्ञापन देने वालों में एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल व महामंत्री जगजीत कुकरेजा शामिल थे।

