मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के चुनाव में रजत अग्रवाल के पूरे पैनल ने जीत दर्ज की।

मसूरी। मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के त्रिवार्षिक चुनाव में रजत अग्रवाल की टीम ने सभी पदों पर जीत दर्ज कर सुनील सोनकर की टीम को भारी मतों से पराजित किया। मुख्य चुनाव अधिकारी धन प्रकाश अग्रवाल के चुनाव परिणामों की घोषणा करते ही राधाकृष्ण मंदिर में समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। वहीं चुनाव अधिकारी ने चुनाव परिणाम के बाद शपथ दिलाकर विधिवत नई कार्यकारणी को अधिष्ठापित किया। इसके बाद विजयी प्रत्याशियों ने ढोल ढमाकों व आतिशबाजी के साथ विजयी जुलूस निकाला।
राधाकृष्ण मंदिर सभागार में मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के त्रिवार्षिक चुनाव के लिए प्रातः 9 बजे मतदान शुरू हुआ व अपराहन तीन बजे तक मतदान किया गया। उसके बाद चार बजे मतगणना शुरू की गयी जिसमें मुख्य चुनाव अधिकारी धनप्रकाश अग्रवाल व 11 सहयोगियों ने मतगणना संपन्न करायी। चुनाव परिणामों में अध्यक्ष पद पर निवर्तमान अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने अपने प्रतिद्वदी सुनील सोनकर को 489 मतों से पराजित किया। रजत अग्रवाल को 665 व सुनील सोनकर को 176 मतों पर संतोष करना पड़ा। महामंत्री पद पर जगजीत कुकरेजा ने निकटतम प्रतिद्वदी सुरेश गोयल को 148 मतों से पराजित किया, कुकरेजा को 493 व सुरेश गोयल को 345 मत मिले, कोषाध्यक्ष पद पर नागेद्र उनियाल ने निकटतम प्रतिद्वदी देवेंद्र बिष्ट को 490 मतों के भारी अंतर से पराजित किया। नागेद्र उनियाल को 655 मत मिले जबकि देवेंद्र बिष्ट को मात्र 165 मत मिले। उपाध्यक्ष पद पर अतुल अग्रवाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वदी शानू वर्मा को 250 मतों से पराजित किया, अतुल को 525 व शानू को 275 मत मिले। सह सचिव पद पर सलीम अहमद ने अपने निकटतम प्रतिद्वदी अंजुम को 300 मतों से पराजित किया। सलीम अहमद को 550 व अंजुम को 250 मत मिले। चुनाव संपन्न कराने में परमजीत कोहली, सुनील पंवार, नीरज अग्रवाल, संदीप अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, रमेश राव, मदनमोहन शर्मा, राकेश अग्रवाल, अनिल गोयल, उपेंद्र पंवार, रवि गोयल व अनुज तायल का विशेष सहयोग रहा।