मसूरी:-लाइब्रेरी से जीरो प्वाइंट तक रोड पर टाइल लगाने का मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन ने जमकर विरोध किया व एनएच के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। जिसके बाद विभाग की नींद खुली व व्यापारियों के साथ बैठक की गई जिसमें व्यापारियों ने सीजन का हवाला देते हुए ब्लैक टॉप करने को कहा ताकि सीजन से पूर्व रोड बनकर तैयार हो जाय।
लाइब्रेरी में एक रेस्टोरेंट के सभागार में आयोजित बैठक में व्यापारियो व स्थानीय नागरिकों ने एनएच के अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्यायें रखी व कहा कि पिछले दो वर्ष पेयजल निगम ने लाइन बिछाने व लोक निर्माण विभाग ने माल रोड सौदर्यीकरण के कारण नुकसान सहा और अब एनएच रोड की मरम्मत करने के नाम पर टाइल लगाने की बात कर रहा है जिसमें करीब तीन माह का समय लगेगा। व्यापारियों का कहना था कि इससे उनका व्यवसाय प्रभावित होगा व जाम लगेगा। व्यापारियों ने कहा कि टाइल लगाने के बजाय रोड को ब्लैक टॉप किया जाय ताकि 15 दिनों में रोड बन कर तैयार हो जाय। इस मौके पर मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहाकि सीजन को देखते हुए टाइल लगाना उचित नहीं है। यह मार्ग नेशनल हाइवे है और इस पर दिन रात ट्रैफिक चलता है जिसमें भारी वाहनों के साथ चारधाम यात्रा के वाहन चलते हैं ऐसे में टाइल लगाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में किसी भी हाइवे पर टाइल नहीं है। वहीं उन्होंने कहा कि इस रोड को ब्लैक टॉप किया जाय या बरसात के बाद बनाई जाय व वर्तमान में रोड की मरम्मत कर सुचारू की जाय। उन्होंने यह भी कहा कि रोड के किनारे नालियों का निर्माण किया जाय व जो कल्वर्ट बंद है उन्हें भी खोल कर सुचारू किया जाय। इस संबंध में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने भी कहा कि सीजन का समय है ऐसे समय टाइल लगाना उचित नहीं है इस संबंध में मंत्री गणेश जोशी को अवगत कराया जायेगा ताकि वह इस संबंध में एनएच के उच्चाधिकारियों से वार्ता कर रोड को ब्लैक टॉप कराने के लिए कहेंगे। इस मौके पर एनएच के सहायक अभियंता नवनीत पांडे ने कहा कि जो अनुबंध हुआ है उसमें टाइल लगाने का अनुबंध हुआ है। अगर व्यापारी नहीं चाहते तो इस संबंध में उच्चाधिकारियों से वार्ता की जायेगी। वहीं उन्होंने कहा कि अगर विभाग टाइल लगाता है तो इसमें तीन माह का समय लगेगा लेकिन प्रयास रहेगा कि यातायात बाधित ना हो, कार्य रात्रि में किए जाएंगे, वही लाइब्रेरी से जेपी बैण्ड तक ब्लैक टाप किया जायेगा। रोड के किनारे नालिया बनाए जाएंगे व कल्वर्ट को सुचारू किया जायेगा इस अवसर पर जगजीत कुकरेजा, नागेंद्र उनियाल, अरविंद सेमवाल, वीरेंद्र कैन्तुरा, गम्भीर कैन्तुरा, गुलाब कैन्तुरा, अतुल अग्रवाल, त्रिभुवन अग्रवाल, जगवीर भण्डारी, शूरवीर भंडारी सहित भारी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

