वरिष्ठ पत्रकार विकास धूलिया के निधन पर मसूरी प्रेस क्लब ने श्रद्धांजलि सभा आयोजित की।

मसूरी:- मसूरी प्रेस क्लब ने उत्तरांचल प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ पत्रकार विकास धूलिया के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया व उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की व उनकी आत्मा की शांति व परिजनों को दुःख सहने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
मसूरी प्रेस क्लब में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि विकास धूलिया के निधन से पत्रकार जगत आहत है। विकास धूलिया पिछले तीन दशकों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थे और अपने मृदुभाषी स्वभाव, निर्भीक लेखनी तथा कुशल नेतृत्व क्षमता के लिए विशेष पहचान रखते थे। उनके निधन से मीडिया जगत ने एक सच्चे प्रहरी को खो दिया है। वे अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र, एक पुत्री और वृद्ध माता को शोकाकुल अवस्था में छोड़ गए हैं। दिवंगत पत्रकार की स्मृति में मसूरी प्रेस क्लब में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मसूरी प्रेस क्लब अध्यक्ष सुनील सिलवाल ने गहरा दुःख व्यक्त किया व कहा कि विकास धूलिया की लेखनी समाज की आवाज थी। वे हमेशा सच के पक्ष में खड़े रहते थे और जनहित से जुड़े मुद्दों को निर्भीकता से उठाते थे। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि दिवंगत पत्रकार के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग प्रदेश सरकार से की है ।इस मौके पर मसूरी प्रेस क्लब में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इस मौके पर मसूरी प्रेस क्लब के अध्यक्ष सुनील सिलवाल महासचिव सूरत सिह रावत, बिजेंद्र पुंडीर, हरीश कालरा, नरेश नौटियाल, राजवीर रौछेला, मोहसिन तन्हा, शिव अरोड़ा सहित पत्रकार मौजूद रहे।