यमुना मसूरी पेयजल योजना के अंतर्गत 9 फरवरी से कार्य शुरू, अधिकारी और व्यापारियों के बीच बनी सहमति।

मसूरी:-  यमुना मसूरी पेयजल पंपिंग योजना के तहत मसूरी के सबसे पुराने और ऐतिहासिक लन्ढौर बाजार में 9 फरवरी से कार्य शुरू कर दिया जाएगा ताकि इस क्षेत्र को शीघ्र यमुना का पानी उपलब्ध हो सके। इसको लेकर पेयजल निगम के अधिकारियों और बाजार के व्यापारियों के बीच एक बैठक का आयोजन किया गया जिसमें तय किया गया कि 9 फरवरी से लेकर मार्च के पहले सप्तार्ह तक बाजार में पाइप लाइन बिछाने का कार्य पूर्ण कर दिया जाएगा। जिसको लेकर अधिकारियों ने ठेकेदार को भी जरूरी दिशा निर्देश दिए ताकि कार्य समय पर पूरा हो सके।
बैठक में व्यापारियों ने यमुना पेयजल लाइन का कार्य बाजार में तय समय पर कार्य करने को लेकर अधिकारियों के साथ विचार विमर्श किया और कई सुझाव भी दिए। जिस पर अधिकारियों द्वारा अमल करने की बात कही गई। कार्य के दौरान बाजार में वाहनों की आवाजाही भी नहीं होगी व सभी वाहन साउथ रोड से आयेगे व जायेंगे। इस रोड पर वाहनों को परेशानी न हो इसके लिए साउथ रोड पर वाहनों को पार्क नहीं होने दिया जायेगा। ताकि यातायात सुचारू रूप से संचालित किया जा सके। इस बारे में जानकारी देते हुए पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता संदीप कश्यप ने बताया कि यह बाजार बहुत संकरा है और यहां पर जेसीबी मशीन लगाकर खुदाई करना संभव नहीं है इसलिए हिलटी से खुदाई की जाएगी और तय समय सीमा पर कार्य पूर्ण कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लंढौर में टैंक तक मेन लाइन बिछायी जा चुकी है लेकिन बाजार में लोगों को पानी उपलब्ध कराने के लिए सर्विस लाइन बिछायी जानी है जिसके लिए बाजार के व्यापारियों के साथ बैठक की गई जिसमें सभी ने सहमति दी है। इसका कार्य 9 फरवरी से शुरू कर दिया जायेगा। मसूरी व्यापार मंडल के महामंत्री जगजीत कुकरेजा ने कहा कि विद्युत विभाग और पेयजल निगम द्वारा एक ही समय पर कार्य शुरू किया जाएगा ताकि बाजार को बार-बार खुदाई से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि व्यापारियों द्वारा इसका पूर्ण सहयोग किया जाएगा। लंढौर विकास समिति के अध्यक्ष रवि गोयल ने कहा कि बाजार वालों के साथ बैठक सकारात्मक रही व पेयजल निगम से कहा गया कि तय समय सीमा एक मार्च तक लाइन का कार्य पूरा कर दें। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि इसके साथ ही बिजली के अंडर ग्राउड का कार्य भी किया जायेगा लेकिन यह कार्य अभी गुरूद्वारा चौक से चंदाकिरन तक ही होना है, उन्होंने कहा कि जब घंटाघर तक लाइन के लिए सड़क खुदनी है तो बिजली विभाग को चाहिए कि घंटाघर तक बिजली की लाइन भूमिगत की जाय ताकि सड़क को बार बार न खोदना पडे। स्थानीय व्यापारी संदीप अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों द्वारा पूर्ण सहयोग किया जाएगा। उत्तराखंड जल संस्थान के अधिशासी अभियंता अमित कुमार ने बताया की पीर जल निगम द्वारा पानी की सप्लाई शुरू कर दी गई है और आने वाले समय में शहर में पानी की कीमत नहीं रहेगी। इस संबंध में विद्युत विभाग के एसडीओ पंकज छपलियाल ने बताया कि इस बार गणेश होटल के समीप से विद्युत लाइन भूमिगत करने का कार्य शुरू किया जाएगा जोकि चंद किरण बुक डिपो तक होगा क्योंकि आगे के लिए अभी बजट का प्रावधान नहीं है। प्रयास किया जाएगा की वर्ष 2024- 25 इस कार्य को घंटाघर तक पूर्ण कर दिया जाए। इस अवसर पर व्यापार संघ के उपाध्यक्ष अतुल अग्रवाल, रवि गोयल, सुनील बक्शी, प्रवेश पवार, अश्विन मित्तल सहित काफी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।