मजदूर संघ आश्वासन के बाद भी कार्रवाई न किए जाने पर 28 अगस्त से धरना देगा।

मसूरी:- मजूदर संघ, एसडीएम के आश्वासन व पालिका प्रशासन की वादाखिलाफी के खिलाफ़ 28 अगस्त से शहीद स्थल पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगा। मजूदर संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि पालिका प्रशासन उनकी जायज मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है, जिससे मजदूरों में आक्रोश व्याप्त है
इस संबंध में मजूदर संघ ने एसडीएम को ज्ञापन देकर अवगत कराया है कि पालिका प्रशासन वादाखिलाफी कर रहा है जिससे मजूदरों में आक्रोश है व आगामी 28 अगस्त से पुनः शहीद स्थल पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जायेगा। उल्लेखनीय है कि गत 25 जुलाई को पालिका प्रशासक डॉ0 दीपक सैनी से वार्ता के बाद मजदूर संघ ने 26 जुलाई से नगर पालिका प्रागण में प्रस्तावित अपना धरना स्थगित कर दिया था। बतौर पालिका प्रशासक डा0 सैनी ने मजदूरों को आश्वत किया था कि ईओ राजेश नैथाणी अगले दिन 26 जुलाई को पालिका में मजदूर संघ पदाधिकारियों के साथ बैठकर कर बैठक में तय हुई कार्यवाही को आगे बढ़ाएंगे तथा उसी दिन शिफनकोर्ट आवासहीन लोगों को आवास बनवाने हेतु माता मंगला को पुनः स्मरण पत्र भेजेंगे। मजदूर संघ पदाधिकारियों का आरोप है कि वे कई बार पालिका कार्यालय गए मगर वहॉ से ईओ राजेश नैथाणी लगातार नदारद रहे। मजदूर संघ अध्यक्ष रणजीत चौहान और मंत्री संजय टम्टा ने कहा कि पालिका की नियत साफ नहीं है वे भोले भाले मजदरों को गुमराह कर आन्दोलन को तोड़ना चाहते हैं। उनसे उनका रोजगार छीनना चाहते हैं ताकि मसूरी का सबसे पुराना मजदूर मसूरी छोड़कर भाग जाय और फिर वे अपनी पूर्ण मनमानी कर सके। मगर ऐसा हरगिज नहीं होगा। उन्होंने कहा कि संघ की महा बैठक में निर्णय लिया गया कि मजदूर संघ पूर्व में दी गई मांगों लेकर अब 28 अगस्त से शहीद स्थल पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि बेकरी हिल कर पार्किंग वर्ष 1996 हाथ रिक्शा उन्मूलन के तहत हुए करार नामे के तहत मंत्री मजदूर  संघ के नाम दी जाती थी लेकिन अब किस नियम के तहत व्यक्तिगत को दी गई। वहीं माल रोड पर 121 साइकिल रिक्शा को ई रिक्शा में परिवर्तन करने हेतु सरकार को प्रस्ताव दिया जाए जिस पर पालिका प्रशासन ने मजदूर संघ के साथ कोई वार्ता नहीं की जबकि एसडीएम ने ईओ को इस संबध में वार्ता करने के निर्देश दिए थे।