लाखों की लागत से बनाये गये सार्वजनिक शौचालयों की स्थित दयनीय।

मसूरी। पर्यटन नगरी में नगर पालिका संचालित सार्वजनिक शौचालयों की दशा अत्यंत दयनीय हो गयी है जबकि नगर पालिका ने लाखों रूपये की लागत से सार्वजनिक शौचालयों की मरम्मत कर लगाये लेकिन देखरेख के अभाव में शौचालयों की हालत बद से बदतर हो गयी है। हालात यह है कि गंदगी के कारण कोई इनका उपयोग ही नहीं कर पाता, कई जगह पानी नहीं है तो कहीं सफाई नहीं है।
नगर पालिका ने गतवर्ष शहर के दो दर्जन से अधिक सार्वजनिक शौचालयों का लाखों की लागत से सौंदर्यीकरण व सुधारीकरण करवाया। लेकिन उसके बाद देखरेख केे अभाव में सार्वजनिक शौचालयों की दशा एक बार फिर से खराब हो गयी है। पिक्चर पैलेस से नगर पालिका को जाने वाले मार्ग पर बने सार्वजनिक शौचालय की दशा सबसे खराब है, यहां पर न ही सफाई की जाती है और करीब दो माह से अधिक समय से पानी न होने के कारण गंदगी रहती है। मालरोड से लगे होने के कारण बड़ी संख्या में पर्यटक व स्थानीय लोग जब शौचालय में आते है तो वहां गंदगी देख व दुर्गध के कारण बिना शौच किए वापस लौट जाते है जिस कारण मसूरी की छवि भी धूमिल हो रही है। इस संबंध में कई बार नगर पालिका को अवगत कराया गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई वहीं जल संस्थान को अवगत कराया गया कि यहां पानी नहीं है तो उसके बाद जल संस्थान ने भी मौन साध लिया जिसके कारण इस पूरे क्षेत्र में लोग दुर्गध से परेशान है। वहीं लंढार नगर पालिका पार्किग में लाखों की लागत से बनाये गये शौचालय की दशा बनने के बाद से खराब है वहां पर इतनी गंदगी है कि कोई जा ही नहीं सकता। जो अब बंद किया गया है। यहीं हाल शहर के अन्य शौचालयों के भी है जो देखरेख के अभाव में जीर्णशीर्ण हो गये है व उनमें लोग जाना भी पसंद नहीं करते। आखिर नगर पालिका ने जनता का लाखों रूपया शौचालयों पर लगा दिया लेकिन उसके बाद भी इनका संचालन सही रूप से नहीं किया गया। इस संबंध में नगर पालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने जब पूछा गया तो उन्होंने बताया कि पिक्चर पैलेस से नगर पालिका जाने वाले शौचालय को नया बनाया गया था व वहां पर पालिका ने जल संस्थान को पैसा देकर पानी की लाइन भी बिछवाई थी उसके बाद भी पानी न आने पर जल संस्थान से पानी की व्यवथा करने के लिए कहा जायेगा जबकि वहां पर दो टंकिया भी लगवायी गयी। वहीं उन्होंने कहा कि अन्य शौचालयों को भी शीघ्र ठीक किया जायेगा।