मसूरी क्षेत्रान्तर्गत झील के पास मल्होत्रा होमस्टे के निकट टेम्पो ट्रैवलर वाहन दुर्घटनाग्रस्त
मसूरी। एक टेम्पो ट्रैवलर वाहन संख्या DL1VC5507हरिद्वार से मसूरी की ओर आ रहा था। उक्त वाहन जैसे ही झील के पास मल्होत्रा होमस्टे के निकट पहुँचा, तभी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पैरापिट को तोड़ते हुए लगभग 10 मीटर गहरी खाई में जा गिरा तथा नीचे पेड़ों में अटक गया। यह घटना लगभग 4.40बजे सांय की बतायी जा रही है।
उक्त टेम्पो ट्रैवलर में कुल 20 व्यक्ति सवार थे, जिनमें पाँच परिवारों के सदस्य शामिल थे। सभी यात्री गुजरात राज्य के निवासी हैं तथा वर्तमान में मुंबई में निवासरत हैं। दुर्घटना की सूचना पर स्थानीय लोगों की सहायता से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य करते हुए वाहन में सवार सभी 21 व्यक्तियों ड्राइवरसहतको सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
वाहन को चालक सोनू पुत्र राजेंद्र कुमार, उम्र लगभग 40 वर्ष, निवासी सेक्टर-18, रोहिणी, दिल्ली चला रहा था। दुर्घटना में सवार एक यात्री श्रीमती सखी पटेल, उम्र लगभग 45 वर्ष को साधारण चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।
उक्त दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। प्रकरण में दुर्घटना के कारणों की जांच करते हुए नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है

