लंढौर को जाम से मुक्त करने के लिए सीईओं छावनी को ज्ञापन दिया।

मसूरी :- मसूरी ट्रेडस एंड वेलफेयर एसोसिएशन ने छावनी क्षेत्र में लगातार जाम की स्थिति होने पर छावनी कार्यालय में छावनी परिषद की मुख्य अधिशासी अधिकारी अंकिता सिंह के साथ वार्ता की व ज्ञापन दिया व समस्या के समाधान की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि छावनी क्षेत्र में लगतार जाम लगने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, लंढौर छावनी क्षेत्र में चार दुकान से गाडियों के वन वे की सुविधा को सुचारू किया गया है जिससे नागरिकों और पर्यटकों को लाभ मिला है परंतु इस सुविधा से लंढौर मुख्य बाजार में गाडियों का लंबा जाम लग जाता है, इसी परिपेक्ष में अगर वन वे में गाडियों को रोकने की अवधि समय सीमा घटा दी जाये और सिर्फ पांच मिनट का अंतराल रहे तो ऐसा करने से ट्रेफिक लंढौर मुख्य बाजार में ज्यादा नहीं रुका रहेगा अन्यथा ये गाडियों का जाम मलिँगार से घंटाघर तक लग जाता है। ज्ञापन में कहा गया कि छावनी क्षेत्र के चार दुकान और सिस्टर बाजार क्षेत्र में अत्यधिक पर्यटक आने से जगह जगह पर छोटी और बड़ी पार्किंग की सुविधा होनी अनिवार्य है, जिससे की रोड साइड पर नो पार्किंग क्षेत्रों में कोई भी अपनी गाड़ी खड़ी ना करें और संपूर्ण क्षेत्र में पर्यटक और नागरिक सहूलियत से आवागमन कर सकें। ज्ञापन में कहा गया कि छावनी क्षेत्र में कुछ सालों से पर्यटकों के आने की संख्या में बढ़ोतरी हुईं है, एक अन्य मार्ग को तलाश कर अगर गाडियों को मलिँगार से आने का रास्ता और वापसी जाने के लिए एक वन वे सुविधा के लिए अन्य रूट या मार्ग की सुविधा हो जाये तो बहुत बेहतर होगा। ये नया मार्ग सिस्टर बाजार से सीधा टिहरी रोड पर जाकर मिल सकता है और वापसी में समस्त गाडियां बिना मलिँगार गए वहीँ से मसूरी जा सकती हैं। वहीं मांग की गयी कि मलिँगार से लंढौर छावनी के चार दुकान आदि क्षेत्रों के समस्त संपर्क मार्गों का चौड़ीकरण कर ट्रैफिक की बेहतर सुविधा हो सकती है और यातायात सुचारू हो सकता है। वहीं यह भी मांग की गई कि मलिँगार से लंढौर चौक तक लंढौर छावनी परिषद की मदद से हेरिटेज बाजार का स्वरुप दिया जा सकता है जिससे की इस क्षेत्रों में निवासी, व्यापारीगण और नागरिकों की अर्थव्यवस्था और रोजगार में सुधार हो सके। ज्ञापन देने वालों में जगजीत कुकरेजा, अतुल अग्रवाल, रवि गोयल, बादल प्रकाश, उपेंद्र पंवार आदि मौजूद रहे। सीईओ अंकिता सिंह ने भरोसा दिया कि छावनी क्षेत्र में यातायात की व्यवस्था को सुधारने का पूरा प्रयास किया जायेगा।