मसूरी:- लगातार हो रही बरसात से शहर के अन्य हिस्सों के साथ ही मालरोड का भी बुरा हाल हो गया है ।गत दो वर्ष मालरोड में लगे काबल्स स्टोन जगह जगह उखड़ने से आये दिन दुर्घटनाएं हो रही है लेकिन लोक निर्माण विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
सबसे अधिक परेशानी शहीद भगत सिंह चौक व ग्रीन चौक के पास हो रही है जहां आये दिन पर्यटकों सहित स्थानीय लोग चोटिल हो रहे है। खास कर पैदल चलने वालों को खासी परेशानी हो रही है वहीं दुपहिया वाहना भी इसके शिकार हो रहे हैं। हालांकि जब से रोड बनी तभी से ही काबल्स उखड़ने लग गये थे व बीच में लोक निर्माण विभाग ने जहां से काबल्स उखडे वहां पर मरम्मत की थी व सीमेंट रोड़ी भरी थी लेकिन वह भी बरसात में उखड़ गयी व शहीद भगत सिंह चौक पर तो रोड धंस भी रही है जिसमें राह चलते लोग आये दिन चोटिल हो रहे है। यही स्थित ग्रीन चौक की है वहीं पूरी मालरोड पर जगह-जगह काबल्स उखड़ने से दुर्घटनाएं हो रही है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि बरसात के कारण मरम्मत का कार्य नहीं हो पा रहा है लेकिन जनता व पर्यटकों को हो रही परेशानी को देखते हुए रोड की मरम्मत शीघ्र मौसम खुलते ही कर दी जायेगी व बाकी कार्य बरसात के बाद किया जायेगा।

