हैंपटन कोर्ट रोड बनी समस्याओं का घर, अवैध टैक्सी स्कूटी, सीवर, खस्ता सड़क व नाला, स्कूली बच्चों को हो रही परेशानी।

मसूरी:- मालरोड से हैंपटन कोर्ट जाने वाले मार्ग पर अवैध टैक्सी स्कूटी खडी होने, रोड की नालियां बंद होने से हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लेकिन बार बार प्रशासन व पालिका को आगाह करने पर भी कोई कार्रवाई न होने से आम जनता में आक्रोश बढ रहा है।
हैपंटन कोर्ट रोड जाने वाले मार्ग पर अवैध टैक्सी स्कूटियों के खडे होने से स्कूली बच्चों को आने जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है जिसके कारण अभिभावकों व इस क्षेत्र की जनता में आक्रोश बढ रहा है। वहीं रोड की हालत खराब है, नालियों से जालियां गायब हो रही है व नालिंयो के बंद होने से बरसात का पानी सड़कों पर बहता है व पानी इतना अधिक होता है कि कभी भी कोई दुर्घटना हो सकती है। पूर्व में भी बरसात में रोड पर भारी पानी आने से एक स्कूली छात्र बह गया था उसके बाद भी प्रशासन व पालिका इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। यही नहीं इस मार्ग पर लगातार सीवर बहता रहता है जिससे लोगों का आना जाना मुश्किल हो जाता है। आश्चर्य की बात तो यह है कि यहां से टैक्सी स्कूटियों का संचालन किया जाता है जो कि पूरी तरह से अवैध है। रोड के दोनों ओर स्कूटियो के खडे होने से स्कूली बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस संबध में क्षेत्रीय सभासद गीता कुमाई ने कहा कि इसको लेकर उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष और शहर कोतवाल को भी पत्र दिया है और शीघ्र ही यहां पर सड़कों की मरम्मत भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि पेयजल निगम द्वारा यहां पर लाइन बिछाई गई थी जिसके बाद उसकी स्थिति और खराब हो गई है। स्थानीय निवासी सुधीर डोभाल ने कहा कि इस मार्ग पर स्कूली बच्चों का गुजरना मुश्किल हो जाता है बरसात के समय सारा पानी सड़कों पर बहता है वही टैक्सी स्कूटी खड़ी होने से आम लोगों का चलना भी मुश्किल हो जाता है उन्होंने मांग की समस्या का समाधान किया जाना चाहिए।