मुख्यमंत्री ने किया मिलेट्स – 2023 के अन्तर्गत आयोजित ‘क्षमता और अवसर’ राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारम्भ, परंपरागत अनाज को अब मिलेगा बाजार।

मसूरी :- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मसूरी के एक होटल में मिलेट्स 2023 के अंतर्गत आयोजित “क्षमता और अवसर ” राष्ट्रीय सम्मेलन का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया । इस अवसर पर  उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी और मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल मौजूद रहे।

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि  दुनिया को दिशा देने वाला राष्ट्र भारत आज विश्व में अपनी अलग पहचान बनाए हुए हैं , प्रधानमंत्री के आह्वान पर संयुक्त राष्ट्र ने इस वर्ष को मिलेट्स वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है । परंपरागत रूप से उगने वाले श्री अन्न के प्रोत्साहन के साथ ही इसको आसानी से बाजार भी मिल रहा है । उन्होंने कहा कि गरीब जिस श्री अन्न का वर्षों से उत्पाद करते आ रहे हैं उसको प्रोत्साहन मिला है और आज इस सम्मेलन में देशभर के मंत्री गण, प्रतिनिधि और वैज्ञानिक मौजूद है ,इसका लाभ पहाड़ी क्षेत्रों में भी देखने को मिलेगा । उन्होंने कहा कि पहाड़ में झंगोरा, मंडवा,  रामदाना आदि का उत्पादन बहुतायत में होता है ,इसको सरकार की ओर से प्रोत्साहन दिया जाएगा।
इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि इस तीन दिवसीय सम्मेलन में 15 से अधिक राज्यों के मंत्री, वैज्ञानिक और प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं और इस सम्मेलन में  परंपरागत अनाज को बढ़ावा देने के लिए विचार विमर्श किया जाएगा ।उन्होंने कहा कि आज मोटा अनाज अमीरों की थाली का भोजन बन गया है और इसके सेवन से आदमी निरोग रहता है । उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मंडुवा का  न्यूनतम मूल्य तय कर लिया गया है और ₹35 .78 पैसे के हिसाब से बाजारों में उपलब्ध है।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और 70% लोग गांव में निवास करते हैं लेकिन कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण किसान को उसकी फसल का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा था । अब प्रधानमंत्री के प्रयासों से शुद्ध अनाज आम लोगों के साथ ही दुनिया को भी निर्यात किया जा सकता है। इस अवसर पर विभिन्न प्रदेशों के प्रतिनिधियों के अतिरिक्त नगर पालिका परिषद मसूरी के पूर्व अध्यक्ष ओपी उनियाल, भाजपा के मंडल अध्यक्ष राकेश रावत, महासचिव कुशाल राणा, सतीश  ढौंडियाल, अमित भट्ट, मोहन पेटवाल सहित  भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।