मसूरी:-नगर पालिका सभागार में आयोजित सीजन की पहली बैठक में विभागीय अधिकारियों मे आपसी तालमेल की कमी साफ दिखाई दी । मौके पर उप जिलाधिकारी नंदन कुमार ने अधिकारियों को तालमेल बनाकर कार्य करने की बात कही ,वहीं नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने शहर की सड़कों की दुर्दशा पर नाराजगी जताते हुए सीजन से पूर्व सड़कों की दशा सुधारने की बात कही। आलम यह था कि पेयजल निगम और लोक निर्माण के विभाग के अधिकारी एक-दूसरे पर आरोप लगाते नजर आए।
बैठक में उप जिलाधिकारी नंदन कुमार ने अधिकारियों को दिशा निर्देश देते हुए कहा कि तय समय पर माल रोड के सुधारीकरण का कार्य किया जाए, साथ ही मोतीलाल नेहरू मार्ग पर पेयजल निगम द्वारा खोदी गई सड़कों को लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाया जाएगा। जिसका भुगतान पेयजल निगम द्वारा किया जाएगा। वहीं उन्होंने पिक्चर पैलेस चौक पर भी सड़कों की मरम्मत की बात कही।
इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि विभागीय अधिकारियों का तालमेल न होने का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है और मसूरी की सड़कें जगह-जगह खुदी है। उन्होंने कहा कि मोतीलाल नेहरू मार्ग पर उखाड़ी गई जालियों को नगर पालिका द्वारा बनवाया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि अधिकारियों का ठेकेदारों पर बिल्कुल भी अंकुश नहीं है और ठेकेदार अपनी मनमर्जी के हिसाब से कार्य कर रहे हैं।

