मसूरी: शिफन कोर्ट से बेघर लोगों ने आज नगर पालिका मसूरी प्रांगण में पहुंचकर हंस फाउंडेशन द्वारा बनाई जा रही आवासीय कॉलोनी के शीघ्र निर्माण की मांग की।पालिका के कार्यालय अधीक्षक से भेंट कर पूरी जानकारी हासिल की, जिस पर नगर पालिका के कार्यालय अधीक्षक द्वारा बेघर लोगों से वार्ता की गई और नगर पालिका बोर्ड प्रस्ताव की कॉपी और अन्य प्रस्तावों से सीफन कोर्ट से बेघर लोगों को अवगत कराया । साथ ही बताया कि बहुत जल्द आईडीएच बिल्डिंग में हंस फाउंडेशन द्वारा आवासों का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर नगरपालिका कार्यालय अधीक्षक महावीर राणा ने बताया कि नगर पालिका द्वारा पूर्व में हंस फाउंडेशन को प्रस्ताव पारित कर भेज दिया गया है और आवश्यक कार्यवाही के बाद आवासों का निर्माण शुरू हो जाएगा।
वहीं शिफन कोर्ट संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय टम्टा ने बताया कि पूर्व निर्धारित धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया गया और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही बेघरों को आवास उपलब्ध कराया जाएगा साथ ही उन्होंने नगरपालिका के अध्यक्ष और सभासदों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रदीप भंडारी ने बताया कि पालिका द्वारा दिखाए गए दस्तावेजों से वह पूरी तरह संतुष्ट हैं और आशा करते हैं कि शीघ्र ही आवासहीनो को आवास मुहैय्या करा दिये जायेगें।

