वाहन से युवक की मौत पर बबाल, विरोध में पिक्चर पैलेस बैरियर पर लगाया जाम।

मसूरी। गत रात्रि को सिविल मार्ग लंढौर में दो दोस्तो के बीच कहासुनी हुई व जिसके बाद दोस्त ने वाहन से अपने दोस्त को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को लंढौर कम्युनिटी अस्पताल ले जाया गया जहंा चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिस पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया व पूछताछ की जा रही है। वहीं दूसरी ओर मृतक के परिजनों सहित बाल्मीकि समाज के लोगों ने घटना के विरोध में कोतवाली में तहरीर दी व उसके बाद पहले कुलड़ी चौकी के बाहर मालरोड पर धरना दिया व उसके बाद पिक्चर पैलेस बैरियर पर बैरियर बंद कर जाम लगा दिया। सीओ जगदीश पंत व पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने मौके पर पहुंच कर किसी तरह लोगों को शांत किया व तीन घंटे बाद जाम खुलवाया।
गत रात्रि पुलिस को सवा दस बजे 112 से सूचना मिली कि लंढौर सिविल रोड पर सतीश पुत्र जगदीश उम्र 28 निवासी कुलडी सराय मसूरी नाम के व्यक्ति को उसके दोस्त सरजीत पुत्र बालम निवासी आईटीएम मसूरी ने पिकअप वाहन संख्या यूके07सीडी 2926 से टक्कर मार दी है। सूचना मिलते ही एसएसआई सत्येंद्र भाटी, रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक रजनीश सैनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे व जानकारी हासिल की। प्रारंभिक जानकारी एवं जांच में प्रकाश में आया कि सतीश अपने परिचित सरजीत पुत्र बालम, निवासी आईटीएम, लण्डौर, मसूरी, जो पिकअप वाहन का चालक था, के साथ कहीं से शराब के नशे में कहीं से आ रहे थे। घटना के समय दोनों नशे की हालत में थे। बताया गया कि घटना करीब सात से आठ बजे रात्रि की है व दोनों सिविल अस्पताल, सिपलिंग स्टेट के पास पहुँचे, जहाँ उनकी किसी अन्य व्यक्ति के साथ किसी बात को लेकर बहस हो गई। इसके पश्चात दोनों वाहन से उतरकर पैदल वाहन के पीछे की ओर चले गए तथा कुछ समय बाद वापस आए। इसके उपरांत वाहन चालक सरजीत वाहन लेकर आगे गया तथा कुछ समय बाद वापस आया। वापस आते समय वाहन तेज गति में था तथा सड़क किनारे खड़े सतीश को संभवत वाहन का किनारा लग गया, जिससे सतीश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के पश्चात आसपास मौजूद लोगों द्वारा घायल सतीश को लण्डौर कम्युनिटी अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के संबंध में कोतवाली मसूरी पुलिस द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है। दुर्घटना की परिस्थितियों एवं मृत्यु के वास्तविक कारणों के संबंध में सभी पहलुओं की जांच करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है। इस प्रकरण के तहत मृतक के परिजनों ने कोतवाली में तहरीर दी व उसके बाद कुलड़ी चौकी पर पुलिस व पालिका के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना दे दिया जिसके कारण रोड वाहनों के लिए बंद हो गया, व थोडी देर में बाल्मीकि समाज के लोगों ने पिक्चर पैलेस बेरियर पर जाम लगा दिया जिस कारण रोड के चारों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। मौके पर मौजूद बाल्मीकि समाज के दीपक राहुल सहित अन्य लोगों व महिलाओं ने कहा कि जिस जीप वाले ने लड़के को मारा है उसे हमारे सामने लाओ हम उसे सबक सिखायेंगे, उसके बाल बच्चों को कौन पालेगा, अगर पुलिस ने पकड़ा है तो दिखायें, उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई से वह संतुष्ट नहीं है, उन्होंने कहा कि लंढौर चौक में पकडा जाना था लेकिन उसको किताबघर चौकी से पकड़ा बताया जा रहा है, पुलिस ने पकड़ा तो समाज के सामने प्रस्तुत करें, उन्होंने कहा कि उसे मारने वाले सात लोग थे, हमें न्याय चाहिए व सभी को पकड़ा जाय। सूचना मिलने पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी मौके पर आयी व समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई मानने को तैयार नहीं था, जिस पर सीओ मसूरी जगदीश चंद्र पंत मौके पर आये व अवगत कराया कि घटना के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है वहीं आगे की कार्रवाई व जांच जारी है व जो कोई दोषी होगा उसे बक्शा नहीं जायेगा। जिस पर सीओ पंत ने उनके परिजनों को कोतवाली बुलाया व उन्हें भरोसा दिया कि आरोपी पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया जायेगा व अन्य आरोपियों को शीघ्र पकड़ा जायेगा। जिसके तीन घंटे बाद जाम खोला गया। मौके पर मौजूद सीओ ने कहा कि यह कल रात की घटना है व 112 से सूचना मिली कि सिविल रोड पर एक को मारा गया है, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि युवा की मौत पर समाज के लोगों का आक्रोशित होना लाजमी है, वहीं पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है व विवेचना जारी हे प्रथम दृष्टा यह हत्या का मामला नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि परिजनों को कोतवाली बुलाया गया है ताकि उन्हें समझाया जा सके। जिसके बाद जाम खोला गया।