सरस्वती शिशु विद्यामंदिर इंटर कालेज में छात्रों ने विज्ञान व कला प्रदर्शनी में दिखाई प्रतिभा।

मसूरी। महात्मा योगेश्वर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मसूरी में  विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा, वैज्ञानिक सोच, नवाचार एवं कलात्मक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय जीवन बीमा निगम के शाखा प्रबंधक भगत सिंह बिष्ट, समाज सेवी सलभ गर्ग एवं विद्यालय के अध्यक्ष शैलेन्द्र कर्णवाल, दिनेश कुमार जैन, अनुज तायल, अनिल गोयल एवं अभिभावकों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न विज्ञान मॉडल, तकनीकी प्रयोग, पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा के उपयोग, आधुनिक तकनीक तथा दैनिक जीवन से जुड़े उपयोगी प्रकल्पों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं कला एवं चित्रकला अनुभाग में विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई आकर्षक कलाकृतियाँ, हस्तनिर्मित सजावटी वस्तुएँ एवं विभिन्न रचनात्मक प्रस्तुतियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपने-अपने मॉडल और प्रकल्पों की कार्यप्रणाली को अतिथियों एवं अभिभावकों के समक्ष आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किया तथा उनके प्रश्नों के उत्तर भी दिए। अतिथियों ने विद्यार्थियों की मेहनत, कल्पनाशीलता और विषय की समझ की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनियाँ बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, तार्किक चिंतन एवं सृजनात्मक क्षमता का विकास करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मनोज रयाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की अंतर्निहित प्रतिभा को पहचानकर उसे व्यवहारिक रूप देना भी है। विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी इसी शैक्षिक दृष्टिकोण का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और नवाचार की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय निरंतर ऐसे शैक्षिक एवं रचनात्मक प्रयोगों के माध्यम से विद्यार्थियों को संस्कारयुक्त, गुणवत्तापूर्ण एवं व्यवहारिक शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की तथा विद्यालय परिवार के इस अभिनव शैक्षिक प्रयास की सराहना की। प्रदर्शनी ने यह संदेश दिया कि जब शिक्षा को प्रयोग, अनुभव और रचनात्मकता से जोड़ा जाता है, तब विद्यार्थियों की प्रतिभा निखरकर सामने आती है और उनके भीतर छिपे वैज्ञानिक एवं कलात्मक गुणों को नई दिशा मिलती है।