मसूरी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा के मसूरी स्थित बूथ संख्या 175 पर कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात का 140 वां संस्करण सुना।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री जी हर बार देश के अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे लोगों, नवाचारों और प्रेरणादायक प्रयासों को देश के सामने लाते हैं, जिससे समाज में सकारात्मकता और जनभागीदारी की भावना मजबूत होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सकारात्मक एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। साथ ही खोए अथवा चोरी हुए मोबाइल फोन का पता लगाने और उन्हें वापस पाने के लिए संचार साथी पोर्टल एवं उसकी सुविधाओं के उपयोग के प्रति भी जागरूक किया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के विचारों और संदेशों को आत्मसात करते हुए हम सभी को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष मंजीत रावत, मोहन पेटवाल, सतीश ढ़ौडियाल, अमरदेव भट्ट, आशीष जोशी सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

