डिस्पेंसरी तोड़े जाने का हो रहा है विरोध ।

मसूरी :- माल रोड टेलीफोन एक्सचेंज के समीप गर्ग डिस्पेंसरी  को विगत रात्रि तोड़े जाने का विरोध किया गया और मौके पर सभासद गीता कुमाई के नेतृत्व में कई लोग धरने पर बैठ गए । बताते चले कि नगर पालिका परिषद मसूरी द्वारा बोर्ड बैठक में माल रोड स्थित जर्जर हो चुकी एक डिस्पेंसरी को तोड़ने का प्रस्ताव पारित किया गया हालांकि बैठक के दौरान कई सभासदों ने इसका विरोध भी किया लेकिन इसके बावजूद भी डिस्पेंसरी को रातों-रात तोड़ दिया गया। जिसका नगर पालिका परिषद सभासद गीता कुमाई और शहर के विभिन्न लोगों द्वारा विरोध किया गया और घटनास्थल पर कई लोग  सभासद गीता कुमांई के नेतृत्व में धरने पर बैठ गए।

इस मौके पर सभासद गीता कुमाई ने बताया कि उनके द्वारा इस प्रस्ताव का विरोध भी किया गया लेकिन रातों-रात डिस्पेंसरी को बोतल नेक बता कर तोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि यदि यहां पर डिस्पेंसरी का निर्माण नहीं किया गया तो उनके द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने पालिका अध्यक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि  षड्यंत्र के तहत एक होटल व्यवसाय को लाभ पहुंचाने के लिए यह कार्रवाई की गई है ,जिसमें उन्होंने लाखों रुपए के लेनदेन का भी आरोप लगाया।
आम आदमी पार्टी के नेता प्रकाश राणा ने समर्थन देते हुए कहां की माल रोड में एक डिस्पेंसरी का होना अति आवश्यक है क्योंकि यहां पर दूरदराज से पर्यटक आते हैं और उन्हें इलाज के लिए उप जिला चिकित्सालय जाना पड़ता है जहां पर उन्हें काफी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि पालिका प्रशासन को शहर में डिस्पेंसरी खोलनी चाहिए, लेकिन पालिका प्रशासन द्वारा डिस्पेंसरी को तोड़ा जा रहा है ,जबकि इसमें लोगों का इलाज किया जाता था । उन्होंने आरोप लगाया कि एक होटल को लाभ पहुंचाने के लिए इस प्रकार की कार्यवाही की जा रही है जिसका वह विरोध करते हैं।

सामाजिक कार्यकर्ता कमल भंडारी ने पालिका अध्यक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा की इन्होंने अपने कार्यकाल में मात्र मसूरी को बर्बाद करने का कार्य किया है, डिस्पेंसरी का तोड़ा जाना है दुर्भाग्यपूर्ण है, जिसमें अध्यक्ष सहित क्षेत्रीय विधायक का भी हाथ है आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी।

उप जिलाधिकारी नंदन कुमार ने मौके पर आकर धरना समाप्त करने का आग्रह किया व कहा कि नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शहर में रातों-रात डिस्पेंसरी तोड़े जाने पर चर्चाओं का बाजार गर्म है एक पक्ष द्वारा कहा जा रहा है कि  लोगों को परेशानी ना हो इसलिए यह कार्यवाही रात को की गई है किंतु अधिकतर लोगों को यह बात हजम नहीं हो रही है लोगों का कहना है कि माल रोड पर लंबे समय से हो रहे सौंदर्य करण एवं मरम्मत के कार्य में जिस प्रकार से लेट लतीफी की जा रही है उसको देखते हुए रातों-रात डिस्पेंसरी का तोड़ा जाना किसी षड्यंत्र की ओर इशारा करता है।