मसूरी:- संस्कृत भाषा के प्रचार प्रसार के लिए प्रयासरत श्री सनातन धर्म सभा द्वारा संचालित श्री सनातन धर्म संस्कृत महाविद्यालय के छात्रों को आधुनिक तकनीकि से शिक्षा ग्रहण करने के लिए भारतीय स्टेट बैंक ने तीन कंप्यूटर, एक प्रिंटर, एक प्रोजेक्टर और एलईडी टीवी भेंट किए।
श्री सनातन धर्म सभा के तत्वाधान में संचालित संस्कृत महाविद्यालय को एसबीआई को आधुनिक उपकरण भेंट करने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में संस्कृत महाविद्यालय के छात्रों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। इस मौके पर विद्यालय प्रबंधन ने भारतीय स्टेट बैंक का आभार व्यक्त किया। मालूम हो कि मसूरी में एकमात्र संस्कृत महाविद्यालय में सुविधाओं का अभाव है और यहां के छात्रावास में गरीब परिवारों के छात्र पठन-पाठन करते हैं और सरकार द्वारा भी इन्हें कोई सहायता प्रदान नहीं की जाती है निजी खर्चे पर ही इस महाविद्यालय का संचालन किया जाता है। दानदाताओं के प्रयास से यह स्कूल छात्रों को शिक्षा दे रहा है और किसी न किसी रूप में इन्हीं लोगों द्वारा सुविधा दी जाती रही हैं। वर्तमान में सभी स्कूलों में आधुनिक तकनीकि से शिक्षा दी जा रही है वहीं इस महाविद्यालय के छात्र आज भी ब्लैक बोर्ड के माध्यम से ही पढ़ाई कर रहे हैं जिसको देखते हुए भारतीय स्टेट बैंक ने विद्यालय को आधुनिक शिक्षा के लिए उपकरण उपलब्ध करवाए। इस मौके पर महाविद्यालय के अध्यक्ष उपेंद्र पंवार ने बताया कि संस्कृत भाषा के प्रचार प्रसार के लिए संस्था द्वारा लगातार प्रयास किए जाते हैं और आधुनिक शिक्षा के लिए भी यह प्रयास सराहनीय है। संस्कृत महाविद्यालय की प्रधानाचार्या मीनाक्षी पंवार ने बताया कि संस्कृत भाषा से ही सभी भाषाओं की उत्पत्ति हुई है और नासा जैसी संस्था में भी संस्कृत भाषा का प्रयोग किया जाता है। उन्होंने कहा कि यहां के छात्र प्रतिभावान है और आधुनिक शिक्षा से उनकी प्रतिभा और निखरेगी। भारतीय स्टेट बैंक के लंढौर शाखा के प्रबंधक पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि संस्कृत विद्यालय को आधुनिक उपकरण देने से काफी उत्साहित है और यहां के छात्र-छात्राओं को इससे काफी सीखने को मिलेगा। इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष दीपक गुप्ता, सचिव नीरज अग्रवाल, संस्कृत महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष वैभव तायल, राकेश अग्रवाल, रवि गोयल, अशोक मित्तल, आदि मौजूद रहे।

