मसूरी:- पिक्चर पैलेस से किंक्रेग जाने वाले मसूरी देहरादून मुख्य मार्ग पर निर्माण माफियाओं के हौंसले बुलंद है, जिलाधिकारी, प्रदेश सरकार के मंत्री गणेश जोशी सहित एसडीएम के निर्देश के बावजूद रोड के किनारे निर्माण सामग्री जमा की जा रही। है। जबकि इन स्थानों पर प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग ने बोर्ड भी लगा रखे है।
पर्यटन नगरी मसूरी में निर्माण सामग्री माफिया शासन प्रशासन व विभाग के आदेश के बावजूद रोड के किनारे निर्माण सामग्री डंप कर रहे है। जबकि कई बार लोक निर्माण विभाग ने कार्रवाई की लेकिन उसके बाद भी उनके हौंसले इतने बुलंद है कि सरकार, जिलाधिकारी, एसडीएम व लोक निर्माण विभाग के आदेश उनके आगे बौने साबित हो रहे हैं। वहीं विभाग भी लगातार कार्रवाई नहीं करता जिस कारण रोड के किनारे खुली जगह पर निर्माण सामग्री डाल दी जाती है। निर्माण सामग्री माफियाओं के अंदर सरकार का कोई डर नहीं है, उनकी हिम्मत की दाद देनी पडेगी कि जहां पर लोक निर्माण प्रांतीय खंड देहराूदन ने रोड के किनारे निर्माण सामग्री न रखे जाने के बोर्ड लगाये हैं वहीं पर निर्माण सामग्री डंप की जा रही है। इससे लगता है कि उन्हें विभागीय व प्रशासन की कार्रवाई का कोई भय नहीं है। इस संबध में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ने कहा कि नगर पालिका से मिल कर संयुक्त अभियान चला रोड के किनारे रखी निर्माण सामग्री को हटाया जायेगा व जिनकी सामग्री होगी उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जायेगी।

