मसूरी– पर्यटन नगरी मसूरी में लंबे समय से लोकल बस सेवा बंद होने से स्थानीय नागरिकों को एक स्थान से दूसरे स्थान जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विगत दिनों जिलाधिकारी ने मसूरी में जनता दरबार लगाया जिसमें लोकल बस का संचालन करने की मांग की गई जिस पर जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस का संचालन शुरू करवा दिया , वहीं जनहित के अन्य कार्य भी होने शुरू हो गये है।
जिलाधिकारी को जनता दरबार में अवगत कराया गया था कि मसूरी में लंबे समय से बार्लोगंज, झडीपानी व हैप्पी वैली जाने वाली नगर पालिका की नगर बस सेवा लंबे समय से बंद पड़ी है जिस कारण लोगों को आने जाने में खासी पेरशानियों का सामना करना पड़ रहा था वहीं स्कूली बच्चों को भी इस क्षेत्र में पढ़ने वाले स्कूलों में पैदल या किराये का वाहन कर जाना पड़ रहा था जिलाधिकारी ने इस समस्या को प्राथमिकता से लिया व चार दिनों में ही बस का संचालन शुरू करवा दिया। वहीं जिलाधिकारी ने नई बस क्रय करने के लिए भी कार्यादेश जारी कर दिया। जिलाधिकाी के धरातल पर त्वरित एक्शन से जनता में समस्याओं के समाधान की आस जगी है। वहीं मालरोड पर शीघ्र ही गोल्फकार्ट की सवारी का आनंद भी मिलने लगेगा जिसका लाभ पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों को मिलेगा व उन्हें सुविधा मिलेगी। जिलाधिकारी ने चार दिन में गोल्फकार्ट क्रय करने का आदेश दिया है। वहीं लाइब्रेरी चौक पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए रेड लाइट की व्यवस्था के लिए कार्य शुरू कर दिया गया है व शीघ्र ही गांधी चौक पर सिग्नल लाइटें लग जायेगी। इसके लिए यातायात लाइट क्रय करने के भी आदेश किए गये है। इसके साथ ही विद्युत हाइमास्क लोडर कैरिंग वाहन एवं जेसीबी का जैम पोर्टल क्रय करने के भी आदेश किए गये व बैरियर के लिए 6 पीओएस मशीन के लिए कार्यादेश जारी कर दिया है। डीएम ने डीटीडीओ को किंक्रेग में बिजली कनेक्शन, पेयजल कनेक्शन सुचारू करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है, वहीं शौचालय तुरंत चालू करने के निर्देश दिए।

उप जिलाधिकारी मसूरी अनामिका ने अवगत कराया है कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में ओवर स्पीड नियंत्रण के लिए रम्बल स्टीप के लिए 11 स्थान चिन्हित कर लिए गए हैं, तथा हाथी पांव में पार्किंग के लिए जगह चिन्हित कर ली गई है जिस पर शीघ्र मार्किंग कर ली जाएगी। इसके लिए नगर पालिका, नगर प्रशासन, परिवहन, लोनिवि व पुलिस के अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण कर स्थान चिन्हित किए है। नायब तहसीलदार कमल राठौर ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर मसूरी की समस्याओं के समाधान के लिए एसडीएम अनामिका के नेतृत्व में लगातार कार्य किया जा रहा है, लाइब्रेरी में चौक पर सिग्नल लाइट लगाने का कार्यशुरू किया गया है, मालरोड पर तेज गति के वाहनों की रफ्तार कम करने के लिए संयुक्त निरीक्षण किया गया वहीं पार्किग के लिए स्थान चिन्हित करने की कार्रवाई की जा रही है।

