राज्य निर्माण में मसूरी गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि दी व सर्वधर्म सभा का आयोजन किया।

मसूरी। उत्तराखंड राज्य निर्माण में मसूरी गोलीकांड की 32वीं वर्षगांठ पर प्रदेश के काबीना मंत्री गणेश जोशी, बड़ी संख्या में विभिन्न राजनैतिक दलों, सामाजिक संगठनों, आंदोलनकारियों सहित शहीदों के परिजनों ने शहीद स्थल पर जाकर शहीदों की प्रतिमाओं व चित्रों पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उक्रांद कार्यकताओं ने नारेबाजी के बीच शहीदो को श्रद्धांजलि दी।
शहीद स्थल पर आयोजित कार्यक्रम को वर्चुअल संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिह धामी ने कहा कि भारी बारिश होने के कारण मसूरी नहीं पहुंच पाया व खटीमा से संबोधित कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि प्रदेश निर्माण में ज्ञात अज्ञात आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, उन्होंने कहा कि खटीमा के अगले दिन मसूरी में गोलीकांड हुआ व मसूरी में छह शहीदों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया ,वहीं डिप्टी एसपी भी शहीद हो गये। उन्होंने कहा कि उस समय आंदोलनकारी  बिना हथियार व बिना हिंसा के आंदोलन चला रहे थे लेकिन तत्कालीन दमनकारी सरकार की पुलिस ने उनकी आवाज को गोलियों से दबाने का प्रयास किया। जिन आंदोलनकारियों ने अपने प्राणों को राज्य के लिए न्योछावर किया उनको हमेशा याद रखा जायेगा व उनके सपनों का उत्तराखंड बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि हंसा धनाई, बेलमती चौहान, बलबीर नेगी, धनपत सिंह, मदनमोहन ममगाई, राय सिंह बंगारी सहित तत्कालीन डीएसपी उमाकांत त्रिपाठी को हृदय से श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं। उनके बलिदान से राज्य के संकल्प को मजबूत किया व गर्व से सिर उंचा किया। यह राज्य बडे संघर्षों के बाद मिला, यह देवभूमि के साथ वीरभूमि व बलिदान भूमि भी है। सबकी जिम्मेदारी है कि नई पीढी को बताये कि उन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान राज्य के निर्माण के लिए किया जिसमें मातृशक्ति की अहम भूमिका रही। उन्होंने कहा कि हिमालयी राज्यों में उत्तराखंड पहले स्थान पर है। उत्तराखंड के आंदोलनकारियों को दस प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, पेंशन में बढोत्तरी की है, दो बच्चों को निशुल्क शिक्षा, व उत्तराखंड परिवहन निगम कीबसों में फ्री यात्रा सहित महिलाओं को तीस प्रतिशत आरक्षण दिया है। वहीं अनेक जन कल्यााणकारी योजनाएं चला रहे है व प्रदेश के विकास में योजनाएं बनाकर पलायन को रोकने का प्रयास कर रहे है जिससे यहां की संस्कृति को बचाया जा सके। उत्तराखंड को श्रेष्ठ राज्य का दर्जा मिले इसका प्रयास किया जा रहा हैं , आज उत्तराखंड में पर्यटन बढा है, तीन लाख बहने लखपति बनी है। इस मौके पर मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी के शहीद आंदोलनकारियों को श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुए  कहा कि आज राज्य नहीं बनता तो वह मंत्री नहीं बनते , उनकी बदौलत मंत्री बना। उन्होंने कहा कि शहीद स्थल मसूरी का पवित्र स्थल है यहां पर म्युजियम बनना था, जो तीन माह में शिलान्यास किया जायेगा, भिलाडू खेल मैदान की आपत्तियां खारिज हो गयी हैं, जिसके निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू होगा, मुख्यमंत्री ने 2013 में तहसील की घोषणा की थी जो अभी शुरू नहीं हो पायी उसको शुरू करवाने के लिए पद सृजित करायेंगे, वेेडर जोन बनायेंगे, जीरो प्वाइंट पर पार्किग स्वीकृत हो चुकी है सभी का शिलान्यास मुख्यमंत्री से कराया जायेगा वहीं नगर पालिका शरदोत्सव कराने जा रही है, जिसमें सरकार की ओर से पूरी मदद की जायेगी, वहीं उन्होंने मसूरी देहरादून मार्ग की हालात पर चिंता व्यक्त की व कहा कि इसका पूरा  सर्वे करा कर इसके ट्रीटमेंट के लिए मुख्यमंत्री से अनुरोध किया जायेगा। गढवाल सभा भवन की पत्रावली गोपन में आ चुकी है जिसे आगामी कैबिनेट में लाकर कार्य पूरा किया जायेगा। कार्यक्रम को पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, व पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल ने किया। इस मौके पर उत्तराखंड राज्य निर्माण सम्मान परिषद के उपाध्यक्ष सुभाष बडथ्वाल, भाजपा प्रवक्ता रवीद्र जुगराण, पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल, अनुज गुप्ता, उक्रांद के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र दत्त कुकरेती, सुनील उनियाल गामा, प्रमिला रावत, जय प्रकाश उपाध्याय, लताफत हुसैन, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, उपेंद्र थापली, मनीष गोनियाल, सोनिया आनंद रावत, पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल, भाजपा मंडल महामंत्री नरेंद्र मेलवाल, मोहन पेटवाल, भगवान सिंह धनाई, रविराज बंगारी, भगवती प्रसाद सकलानी सहित बड़ी संख्या में शहर वासियों व बाहर से आये राजनीतिक एवं गैर रजनीतिकलोग मौजूद रहे।


शहीद स्थल पर मसूरी गोलीकांड दिवस पर मसूरी शहीद स्मारक समिति की ओर से कार्यक्रम आयोजित कर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया जिसमें ग्रंथी, पादरी, मौलवी व पुरोहित सहित संस्कृत विद्यालय के छात्रों ने अपने धर्म के आधार पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गयी व शांतिपाठ किया ।


शहीद स्थल पर मसूरी गोलीकांड में शहीद हुए आंदोलनकारियों राय सिंह बंगारी, मदनमोहन ममगाई, धनपत, बलबीर नेगी, बेलमती चौहान, हंसा धनाई के परिजनों सहित डीएसपी उमाकांत त्रिपाठी के परिजनों का माल्यार्पण व शॉल भेट कर सम्मानित किया गया। हालांकि उमाकांत त्रिपाठी व मदन मोहन ममगाई के परिजन नहीं पहुंच पाये उनका सम्मान उनके निवास पर दिया जायेगा।
संस्कृति विभाग की ओर से उत्तराखंड आंदोलन में मसूरी की भूमिका पर भाषण, कला, व निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गयी थी जिसके पुरस्कार शहीद स्थल पर मुख्यमंत्री के न आने पर प्रदेश के काबीना मंत्री गणेश जोशी ने वितरित किए।


भाषण प्रतियोगिता में ऋषिका खंडूरी कक्षा 12 निर्मला इंटर कालेज प्रथम, निसबा सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कालेज कक्षा 10 द्वितीय, आदर्श कक्षा 11 राजकीय अटल उत्कृष्ट घनानंद इंटर कालेज तृतीय रहे, निबंध प्रतियोगिता में वंशिका कक्षा 8 निर्मला इंटर कालेज प्रथम, दिव्यांशी कक्षा 6 सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कालेज द्वितीय व शगुन कक्षा 8 राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय किताबघर तृतीय रही। वहीं कला प्रतियोगिता में नक्श कक्षा 5 निर्मला इंटर कालेज प्रथम, रिदम कक्षा 4 सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कालेज द्वितीय, व अंकित यादव कक्षा 5 राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुलडी तृतीय रहे। प्रतियोगिता में आठ विद्यालयों ने प्रतिभाग किया व निर्णायक की भूमिका उदित शाह, पूर्णिमा पंवार, बबीता कुकरेती, राजेश्वरी थपलियाल, जितेंद्र नवानी, शमशाद खान, मनोज ध्यानी, राजीव जोशी व अरविंद नेगी ने निभाई।