मसूरी:- उत्तराखंड हाई कोर्ट के छात्रसंघ चुनाव न कराये जाने के निर्णय पर छात्रों ने प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया व उनका पुतला दहन किया। वहीं छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महाविद्यालयों में शीघ्र चुनाव नहीं कराये गये तो छात्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
मसूरी एमपीजी कालेज परिसर में विभिन्न छात्र संगठनों ने छात्र संघ चुनाव न कराये जाने के विरोध में प्रदर्शन किया व प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री का जोरदार नारेबाजी के बीच पुतला दहन किया। इस अवसर पर छात्रसंघ अध्यक्ष मोहन शाही ने कहा कि महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव कराये जाय जो हर साल किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा था कि 30 सिंतबर से पहले चुनाव करा दिए जायेगे लेकिन नही कराये गये और अब हाईकोर्ट ने चुनाव न कराने का निर्णय दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तीन अक्टूबर तक चुनाव कराने का निर्णय नही लिया गया तो आंदोलन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि प्रदर्शन में एनएसयूआई, एबीवीपी, जौनपुर छात्र संगठन व छात्र संगठन सभी एक मत होकर विरोध कर रहे हैं। इस अवसर पर एनएसयूआई के अध्यक्ष नवीन शाह ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव इस सत्र मे नहीं हो पा रहे ,जिसमें प्रदेश के शिक्षा मंत्री धनसिह रावत जिम्मेदार है, उन्होंने हमेशा ही छात्र राजनीति को कमजोर करने का प्रयास किया है इससे पूरे प्रदेश में छात्र निराश है जो लंबे समय से चुनाव की तैयारियां कर रहे थे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तीस अक्टूबर तक निर्णय नहीं लिया गया तो कालेज में तालाबंदी कर आदोलन चलाया जायेगा। इस अवसर पर सिमरन नेगी ने कहा कि शिक्षामंत्री व महाविद्यालय की गलती है जिन्होंने छात्रसंघ चुनाव कराने का निर्णय नहीं लिया। उन्होंने कहा कि हर वर्ष चुनाव होने चाहिए व एक डेट निश्चित करे ताकि उसी के अनुसार तैयारी कर सकें। इस अवसर पर छात्रसंघ महासचिव अनिल खन्ना ने कहा कि अगर सरकार चुनाव नहीं कराते तो धरना प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर आशुतोष जोशी, रविंद्र पंवार, सूरज रावत, आजाद सजवाण, राजन कैरवाण, अनुज पंवार, वंश थापली, विंदिया परिचा, स्मिता नौटियाल, अभिषेक कुमाई, रवि कुमार, विकास चौहान, हिमांशु उनियाल आदि मौजूद रहे।

