महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर वार्षिक परीक्षाफल व पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न।

मसूरी:- महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु विद्यामंदिर इंटर कालेज में वार्षिक परीक्षाफल एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदा के चित्र पर दीप प्रज्वलित व पुष्प अर्चन कर किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि यूसेक उत्तराखंड के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. ओमप्रकाश नौटियाल मौजूद रहे।
विद्यालय के सभागार में आयोजित वार्षिक परीक्षाफल व पुरस्कार वितरण समारोह में प्रधानाचार्य मनोज रयाल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया व उन्होंने विद्यालय के वर्षभर की गतिविधियों व उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह परिणाम केवल अंकों के आधार पर नहीं बल्कि व्यावहारिक ज्ञान का भी आंकलन है। अंक केवल कक्षोन्नत करते हैं, व व्यावहारिक ज्ञान हमें जीवन भर आगे बढाने में सहायक होता है। उन्होंने परीक्षा परिणाम की घोषणा करते हुए कहा कि विद्यालय के 645 छात्र छात्राओं ने परीक्षा दी जिसमें से 173 ने विशेष योग्यता हासिल की जबकि 186 ने प्रथम श्रेणी, 191 ने द्वितीय श्रेणी व 95 ने तृतीय श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की व विद्यालय का परीक्षाफल शत प्रतिशत रहा। वहीं प्रधानाचार्य मनोज रयाल ने आगामी शिक्षा सत्र की जानकारी भी दी। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष शैलेंद्र कर्णवाल ने छात्र छात्राओं को परीक्षा परिणाम की बधाई दी व निरंतर आगे बढने हेतु कठिन परिश्रम करने का आहवान किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि डा. ओम प्रकाश नौटियाल ने कहा कि यह केवल एक पुरस्कार वितरण कार्यक्रम ही नहीं अपितु सभी के लिए एक प्रोत्साहन एवं मार्गदर्शन का भी कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढी के लिए सबसे अच्छा अवसर है कि हमारी वेबसाईट यूर्सर का उपयोग कर अपने ज्ञान में वृद्धि कर सकते हैं।उन्होंने छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रेरणादायक कहानियां सुनाई और कहा कि हमें लक्ष्य प्राप्ति के लिए एकाग्रचित होना आवश्यक है, आत्मविश्वास को मजबूत करना है। इस मौेके पर विद्यालय की छात्र छात्राओं व नन्हे मुन्ने बच्चों ने एक से बढकर एक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनमोहा वहीं परीक्षा परिणाम परीक्षा प्रमुख शैलेंद्र जोशी, विनीता पंवार, एवं रमेशचद्र डिमरी ने कक्षा स्तर पर घोषित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र छात्राओं सहित सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, सर्वश्रेष्ठ वक्ता व विभिन्न गतिविधियों के पुरस्कार वितरित किए गये। इस मौके पर प्रबंध समिति के प्रबंधक मदन मोहन शर्मा ने सभी का आभार प्रकट किया व कहा कि हमारा यह विद्यालय जूनियर स्तर तक पूर्णतः अंग्रेजी माध्यम में संचालित हो रहा है। इस मौके पर चद्र प्रकाश गोदियाल, शैंलेंद्र कर्णवाल, अशोक अग्रवाल, मनमोहन कर्णवाल, माधुरी शर्मा, जैजैवंती कर्णवाल, रश्मि कर्णवाल आदि मौजूद रहे।