इंडिया गठबंधन ने भाजपा पर लगाया आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप।

मसूरी:- इंडिया एलाइंस के घटक दल और कांग्रेस पार्टी ने एक होटल के सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा पर आचार संहिता के उलंघन का आरोप लगाया , वहीं कहा कि इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की जायेगी।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सभा के लिए गांधी चौक को पूरी तरह से चुनाव सभा स्थल बनाया गया, वहीं एनएच को रोक कर सभा स्थल बनाया। जिसके कारण स्थानीय लोगों सहित पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा व इसे आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए चुनाव आयोग से इनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की । इस मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों द्वारा इसकी लिखित शिकायत चुनाव आयोग से की जायेगी व इनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय राजमार्ग है जहां से गंगोत्री यमुनोत्री के साथ ही लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी केम्पटी फाल आदि स्थानों के लिए जाते है लेकिन भाजपा अध्यक्ष की रैली के दौरान इसे पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया जो कि चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के जिला प्रवक्ता प्रकाश राणा ने कहा कि भाजपा की रैली के दौरान लोगों को जो असुविधा हुई है उसके लिए चुनाव आयोग को इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एनएच को रोकना नियमों के खिलाफ है लेकिन भाजपा की आम सभा के लिए एनएच को बंद कर दिया गया था।इस अवसर पर घटक दलों के देवी गोदियाल, भगवान सिंह चौहान, मनोज गोड़, दर्शन रावत, प्रताप पंवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।