मसूरी। बहुभाषी लेखक एवं शिक्षाविद मसूरी निवासी धर्म सिंह फर्सवाण को गौचर चमोली में आयोजित 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले में शिक्षा, जनजागरूकता तथा समाजहित में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मेला समिति एवं भारतीय सेना के अधिकारियों द्वारा उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान उनके वर्षों से जारी शैक्षिक, सामाजिक एवं भाषायी जागरूकता के प्रयासों को मिली एक महत्वपूर्ण पहचान है।
मसूरी निवासी धर्म सिंह फर्स्वाण पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में विद्यार्थियों एवं युवाओं को शिक्षा, करियर निर्माण, रोजगार के अवसरों तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय भाषाओं के महत्व के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं। वे प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में निःशुल्क करियर काउंसलिंग, शैक्षिक मार्गदर्शन एवं प्रेरणात्मक कार्यक्रम आयोजित करते आ रहे हैं। उनका मुख्य उद्देश्य आर्थिक एवं भौगोलिक परिस्थितियों की परवाह किए बिना पर्वतीय क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक अवसरों और भविष्य निर्माण के लिए उचित दिशा प्रदान करना है। उनके मार्गदर्शन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि विकसित करना, भाषायी दक्षता बढ़ाना, पठन-पाठन की संस्कृति को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार और करियर के अवसरों से परिचित कराना है। वे विद्यार्थियों को हिंदी, अंग्रेजी, फ्रेंच एवं जर्मन सहित विभिन्न भाषाओं के व्यावहारिक महत्व, सीखने की प्रभावी तकनीकों और इनसे जुड़ी रोजगार की संभावनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हैं। शिक्षाविद् धर्म सिंह फर्स्वाण का मानना है कि वर्तमान वैश्विक प्रतिस्पर्धा के दौर में केवल शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता पर्याप्त नहीं है, बल्कि अतिरिक्त भाषायी कौशल भी युवाओं के व्यक्तित्व और करियर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनका कहना है कि फ्रेंच, जर्मन एवं अन्य विदेशी भाषाओं का ज्ञान प्राप्त कर उत्तराखंड के युवा बहुराष्ट्रीय कंपनियों, अंतरराष्ट्रीय संगठनों, पर्यटन, अनुवाद, शिक्षा, आतिथ्य सत्कार तथा अन्य वैश्विक क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। इसी उद्देश्य से वे विद्यार्थियों को अपनी तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ अतिरिक्त भाषायी दक्षता विकसित करने के लिए निरंतर प्रेरित करते हैं। धर्म सिंह फर्स्वाण स्वयं भी हिंदी, अंग्रेजी, फ्रेंच एवं जर्मन भाषाओं में पुस्तकों का लेखन कर रहे हैं। उनका प्रयास है कि पुस्तकों और भाषा शिक्षण के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को ज्ञान, कौशल एवं बहुभाषिकता से जोड़कर उनके व्यक्तित्व विकास और करियर निर्माण में सहयोग दिया जा सके। इसके साथ ही वे विद्यार्थियों को प्रभावी अध्ययन पद्धतियों, समय प्रबंधन, नियमित अभ्यास, आत्मअनुशासन तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। उनका मानना है कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में निरंतर सीखने की प्रवृत्ति, तार्किक सोच, आत्मविश्वास और बहुआयामी व्यक्तित्व का विकास करना भी है। वर्तमान समय में विद्यार्थियों के बीच बढ़ती मोबाइल फोन की अनावश्यक निर्भरता को लेकर भी विशेष रूप से जागरूक करते हैं। उनका कहना है कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग ज्ञानवर्धन के लिए किया जाना चाहिए, न कि उन्हें पुस्तकों के विकल्प के रूप में अपनाकर पारंपरिक पठन-पाठन की आदत को समाप्त कर दिया जाए। ई-पुस्तकों के साथ-साथ मुद्रित पुस्तकों को भी अध्ययन का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। नियमित पुस्तक अध्ययन से ज्ञान, शब्दावली, भाषायी दक्षता, एकाग्रता, कल्पनाशक्ति एवं अभिव्यक्ति क्षमता का विकास होता है। उनका मानना है कि भाषा कौशल, पुस्तकों के प्रति रुचि, अनुशासित अध्ययन और निरंतर सीखने की आदत ही विद्यार्थियों को भविष्य की प्रतिस्पर्धात्मक चुनौतियों का सामना करने के लिए सक्षम बनाती है। विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को विदेशी भाषाओं के अध्ययन के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें इस दिशा में आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। निश्चित रूप से धर्म सिंह फर्स्वाण द्वारा संचालित ऐसे निःशुल्क शैक्षिक, भाषायी एवं प्रेरणात्मक प्रयास उत्तराखंड के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोल रहे हैं। उनका यह प्रयास युवाओं को अपनी प्रतिभा, ज्ञान एवं कौशल के बल पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में सराहनीय पहल है।
सम्मान के माध्यम से उनके शिक्षा एवं समाजसेवा के प्रति समर्पण को नई पहचान मिली है।

