एक सप्ताह में गोल्फकार्ट संचालन की सुनवाई न होने पर 30 सितंबर से भूख हड़ताल की चेतावनी दी।  

मसूरी। मजदूर संघ ने एसडीएम को ज्ञापन देकर चेतावनी दी है कि अगर एक सप्ताह के अंदर गोल्फ कार्ट संचालन की सुनवाई नहीं होती है तो सभी गोल्फकार्ट संचालक शहीद स्थल पर 30 सिंतबंर से तीन दिवसीय भूख हड़ताल करने को बाध्य होंगे।
एसडीएम को दिए ज्ञापन में कहा गया कि मजदूर संघ के गोल्फकार्ट संचालक लगातार पांच माह से मसूरी शासन व प्रशासन को अवगत कराते रहे है कि प्रशासन की ओर 14 गोल्फकार्ट पर्यटकों को सुविधा प्रदान करने के लिए दी गयी थी व ये गोल्फकार्ट 121 रिक्शा उन्मूल पुनर्वास के तहत दी गयी थी लेकिन नगर पालिका प्रशासन ने साजिशन गोल्फकार्ट को बंद कर दिया व मजदूर संघ को आपस में लड़वाने का प्रयास किया गया ताकि रिक्शा श्रमिकों के लिए बनाई गयी पूनर्वास योजना को रोका जाय। कभी पंजीकरण व कभी इंश्योरेंस न होने का बहाना बनाकर गोल्फकार्ट संचालन को रोका गया। मजदूर संघ के 14 गोल्फकार्ट संचालक मजदूर गत पांच माह से बेरोजगार हैं व परिवार के लालन पालन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, रोजी रोटी छीने जाने से परेशान गोल्फकार्ट श्रमिकों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी सुनवाई एक सप्ताह के अंदर नहीं की गयी तो वे 30 सितंबर से शहीद स्थल पर तीन दिवसीय भूख हड़ताल करने को बाध्य होंगे। ज्ञापन मजदूर संघ अध्यक्ष रणजीत सिंह चौहान ने दिया व कहा कि अब सभी गोल्फकार्ट संचालक रोजी रोटी को मोहताज हो चुके है ऐसे में भूख हड़ताल के सिवा उनके पास कोई विकल्प नहीं है।