इनरव्हील क्लब ने गरीब लड़की को शादी का सामान व शगन भेंट किया।

मसूरी। इनर व्हील क्लब ने जौनपुर विकासखंड के कैंपटी क्षेत्र की एक गरीब लड़की की शादी के लिए एक होटल में आयोजित सादे समारोह में शादी का सामान उपलब्ध कराया, साथ ही 12 हजार एक सौ रूपये का शगन भी दिया।
इनर व्हील क्लब मसूरी लगातार कई वर्षो से गरीब लड़कियों की शादी में मदद करता आ रहा है ,जो क्लब का सबसे अधिक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। इसी के तहत कुलड़ी स्थित एक होटल के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में एक गरीब लड़की को शादी का सामान उपलब्ध करवाया। जिसमें आटा, चावल, दाल, मसाले, तेल, चीनी, सूजी, चाय पत्ती, बेसन आदि सामान दिया गया जिसकी कीमत आठ हजार से अधिक है। वहीं लड़की को 11 जोड़ी साड़ी, 11 जोड़ी सूट, कंबल, संदूक, अटैची, दो रजाई, दो गददे, चार बैड सीट, चार तकिए कबर, लहंगा, सजावट का सामान, प्रेशर कुकर, डिनर सेट, सहित अन्य बर्तन व ज्वेलरी आदि दी गयी। इस मौके पर इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष किरन त्रिपाठी ने कहा कि इनरव्हील क्लब का यह ड्रीम प्रोजेक्ट है जिसके तहत पूरे वर्ष जरूरतमंद लड़की के क्लब को पत्र देने पर शादी का सामान दिया जाता है जिसमें सभी सदस्य सहयोग करते है। इस मौके पर पूर्व मंडलाध्यक्ष नीरजा पांधी ने बताया कि इनरव्हील क्लब समाज सेवा के कार्यों के साथ ही लड़कियों की शादी में मदद करता है जो क्लब का सबसे अहम प्रोजेक्ट होता है ,जिसकी सराहना पूरे मंडल में की जाती है। उन्होंने कहा कि वर्ष भर में जब भी किसी भी गरीब लड़की की शादी का पत्र क्लब को आता है तो उनकी मदद की जाती है व इससे पहले उनके परिवार की पूरी जानकारी ली जाती है कि वास्तव में परिवार जरूरतमंद है। उन्होंने कहा कि शादी के सामान के साथ ही शगन भी दिया जाता है जिसमें इस बार 11 हजार व 11 सौ का शगन भी लड़की को दिया गया। इस मौके पर पूर्व मंडलाध्यक्ष नीरजा पांधी, इनरव्हील क्लब अध्यक्ष किरन त्रिपाठी, सचिव अनीता बत्रा, रीना माथुर, मनीषी संघल, रश्मि कर्णवाल, अनीता डबराल, गीतू मनचंदा, प्रभा अग्रवाल, पल्लवी आदि मौजूद रहे।