मसूरी :-उप जिला अधिकारी सभागार में माल रोड के सौन्दर्यीकरण को लेकर उप जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने लोक निर्माण विभाग ,नगर पालिका परिषद मसूरी ,जल निगम, उत्तराखंड जल संस्थान ,पुलिस विभाग और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर माल रोड पर हो रहे कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को तय समय पर माल रोड के कार्य को पूरा करने के दिशा निर्देश दिए । बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा कछुआ गति से कार्य किया जा रहा है और सड़क खोदने के बाद मलवा सड़क पर ही पड़ा हुआ है। जिससे धूल का गुबार उड़ने से लोगों को खासी परेशानी हो रही है और विभाग द्वारा वहां पर पानी का छिड़काव भी नहीं किया जा रहा है जिस पर उप जिलाधिकारी ने अधिकारियों को माल रोड पर छिड़काव के साथ ही कार्य की गति में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप जिला अधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि अंबेडकर चौक से झूला घर तक 15 दिनों के लिए यातायात को प्रतिबंधित कर दिया गया है ताकि तय समय में कार्य पूर्ण किया जा सके।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राजेंद्र पाल ने बताया कि माल रोड पर कार्य करने में वाहनों की आवाजाही से परेशानी हो रही थी उप जिलाधिकारी के निर्देश के बाद 15 दिन तक माल रोड के एक भाग का कार्य पूर्ण कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल ने कहा कि वह इस विकास कार्य का स्वागत करते हैं लेकिन विभागों के आपसी तालमेल ना होने के कारण कार्य में प्रगति नहीं हो पा रही है, उन्होंने आरोप लगाया कि विभागों की लापरवाही का खामियाजा मसूरी की जनता और पर्यटकों को भुगतना पड़ रहा है और पिछले 5 सालों से माल रोड पर खुदाई का काम चल रहा है लेकिन अब तक माल रोड को दुरुस्त नहीं किया जा सका है उन्होंने कहा कि यदि माल रोड पर जेसीबी मशीनों की संख्या और मजदूरों की संख्या बढ़ा दी जाए तो यह कार्य सीजन से पहले पूर्ण हो सकता है।
पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल ने कहा कि विकास योजनाओं के लिए थोड़ी परेशानी उठानी पड़ती है लेकिन इसका लाभ लंबे समय तक मसूरी वासियों को मिलेगा। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश रावत, व्यापार संघ के महासचिव जगजीत कुकरेजा, कोषाध्यक्ष नागेंद्र उनियाल सहित शहर के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

