मसूरी:- पत्रकार वार्ता में सामाजिक कार्यकर्ता मनीष गौनियाल ने शहर की दुर्दशा का आरोप लगाते हुए डबल इंजन की सरकार पर तीखे प्रहार किए।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि देहरादून में बनने वाले सैन्य धाम में भू माफियाओं को लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है, जबकि चमोली स्थित सवाड़ गांव देवाल के लोगों द्वारा निशुल्क भूमि देने की बात की गई थी लेकिन भू माफियाओं को लाभ पहुंचाने के लिए शहीदों के नाम पर भी राजनीति की जा रही है।
उन्होंने कहा कि विगत 3 वर्ष पूर्व मसूरी देहरादून मुख्य मार्ग पर गलोगी धार के पास पहाड़ी दरकने से मार्ग बाधित हो गया था, जिसका आज तक ट्रीटमेंट नहीं किया गया है और बरसात के समय यहां पर जानमाल का भय बना रहता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसका शीघ्र ट्रीटमेंट नहीं किया गया तो उन्हें भूख हड़ताल पर बैठने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
उन्होंने सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर भी मसूरी विधायक को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि आए दिन इन मार्गों पर लोग चोटिल हो रहे हैं ,लेकिन अभी तक सरकार में बैठे जनप्रतिनिधियों द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया गया है। वहीं ऐतिहासिक माल रोड भी तालाब में तब्दील हो गई है जिसका असर पर्यटन पर पड़ रहा है और यहां पर्यटकों की संख्या में कमी आने लगी है । उन्होंने कहा कि मसूरी में एकमात्र डिग्री कॉलेज में रोजगार परक विषय ना होने के कारण यहां के गरीब छात्र छात्राओं को महंगे शहरों में पठन-पाठन के लिए जाना पड़ता है साथ ही मसूरी का एकमात्र उप जिला चिकित्सालय डॉक्टरों और स्टाफ नर्स की कमी से जूझ रहा है जिस कारण मरीजों को देहरादून जाने के लिए बाध्य होना पड़ता है।
उन्होंने 2009 में शुरू हुई सी वारियर्स परियोजना पर भी प्रश्नचिन्ह लगाते हुए कहा कि 2023 तक भी यह योजना पूरी नहीं हो पाई है जबकि इस योजना में 100 करोड के ऊपर की धनराशि खर्च की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि मसूरी में सबसे बड़ी समस्या आवास की है और यहां पर आवासीय कॉलोनी को लेकर किसी भी प्रकार का कार्य नहीं किया गया है जबकि आबादी लगातार बढ़ रही है ऐसे में यदि कोई अपना आशियाना बनाता है तो उस पर मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण का बुलडोजर चल जाता है जबकि बड़े-बड़े होटल अधिकारियों की सांठगांठ से बन रहे हैं। गरीब लोगों के लिए आवासीय कॉलोनी के लिए स्थान चिन्हित कर आवास बनाने के लिए कैबिनेट मंत्री द्वारा आज तक कोई प्रयास नहीं किया गया, साथ ही अंग्रेजों के जमाने से बनी रेलवे आउट एजेंसी भी बंद कर दी गई है जिस कारण लोगों को परेशानी हो रही है।
उन्होंने मसूरी विधायक और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से उनकी उपलब्धियां जनता के बीच लाने की बात कही। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विधायक जनता को बरगलाने का कार्य कर रहे है। विकास के नाम पर उन्होंने कोई भी ठोस कार्य नहीं किया है। इस अवसर पर कीर्ति कंडारी, आसाराम बडोनी, सुरजन कंडारी, राकेश पंत, विवेक कंडारी, बृजपाल पवार, मुकुल कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

