पुलिस ने कैपंटी रोड पर अचेत अज्ञात को अस्पतााल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित किया।

मसूरी। कैंपटी रोड पर एक व्यक्ति सड़क के किनारे अचेत पाया गया। सूचना पर पुलिस ने अचेत व्यक्ति को 108 के माध्यम से उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया ,जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सिटी कंट्रोल के माध्यम से कॉलर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि मसूरी से कैम्पटी जाने वाली मुख्य सड़क पर इंदिरा कॉलोनी जाने वाले मार्ग के पास एक व्यक्ति सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना प्राप्त होते ही कोतवाली मसूरी से चौकी प्रभारी हैप्पी वैली को तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर रवाना किया गया तथा 108 एम्बुलेंस सेवा को भी सूचित किया गया। पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर देखा गया कि एक व्यक्ति सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था। मौके पर उक्त व्यक्ति की तलाशी ली गई, परंतु उसके पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज प्राप्त नहीं हुआ, जिससे उसकी तत्काल पहचान नहीं हो सके। पुलिस द्वारा उक्त व्यक्ति को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल मसूरी भिजवाया गया। अस्पताल में चिकित्सक द्वारा जांच किए जाने पर उक्त व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया। मृतक का हुलिया एवं पहनावा पहचान हेतु मृतक पुरुष की उम्र लगभग 50 से 55 वर्ष, कद लगभग 5 फीट 6 इंच, शरीर दुबला-पतला, रंग सांवला, सिर के बाल काले-सफेद तथा चेहरे पर घनी काली-सफेद दाढ़ी एवं मूंछ हैं। मृतक ने भूरे रंग का स्वेटर, उसके ऊपर नीले-भूरे रंग की जैकेट हुडी, नीचे ग्रे रंग की कार्गाे पैंट तथा पैरों में काले रंग के मोजे पहने हुए हैं। मृतक के हाथ की उंगली में धातु की अंगूठी भी पहनी हुई है। मृतक के पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज प्राप्त नहीं हुआ है। उक्त हुलिया एवं पहनावे के आधार पर मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आमजन से भी अनुरोध है कि यदि उक्त हुलिया एवं पहनावे वाले व्यक्ति के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी हो तो तत्काल कोतवाली मसूरी पुलिस को सूचित करें। घटनास्थल के निरीक्षण हेतु फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया गया, जिसके द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। मृतक के पंचायतनामा की कार्रवाई नियमानुसार की गई। पंचायतनामा की कार्रवाई के उपरांत मृतक के शव को शिनाख्त हेतु नियमानुसार 72 घंटे के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखा जाएगा। पुलिस द्वारा मृतक की पहचान एवं मृत्यु के कारणों के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।