नलियों की जाली गायब होने पर नहीं खुल रही विभाग की नींद, जनता में आक्रोश।

मसूरी।:- लाइब्रेरी से वेवरली, हाथी पांव जाने वाले मोती लाल नेहरू मार्ग की लंबे समय से अनदेखी होने के कारण इसका परिणाम आम जनता व वाहनों को भुगतना पड़ रहा है जबकि कई बार लोक निर्माण विभाग व नगर पालिका को इस संबंध में अवगत कराया जा चुका है लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। इस मार्ग के किनारे नालियों पर लगी जाली मई 2022 से नहीं लगाई गई जिससे आये दिन दुर्घटना होती रहती है वहीं बरसात में दुर्घटना की संभावना और  भी बढ़ जाती है ।
लाइब्रेरी से वेवरली हाथी पांव जाने वाले मुख्य मार्ग की अनदेखी लगातार लंबे समय से की जा रही है। इस मार्ग केे किनारे जो नालियां बनी है, उन पर लगी लोहे की लगभग सभी जालियां गायब होती जा रही हैं जिसके कारण इस मार्ग पर वाहनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आमने सामने से वाहन आ जाने पर वहां लंबा जाम लग जाता है, वहीं कई वाहन साइड देने के चक्कर में नाली में गिर जाते हैं, यह नाली इस क्षेत्र की प्रमुख नाली है जिसमें बरसात में भारी मात्रा में पानी आता है इसलिए यह गहरी बनायी गई है। इस रोड पर एक साल से अधिक समय से नालियों की जालियां न होने से वाहन फंस रहे है व कई बार तो साइड से निकलने के चक्कर में दुपहिया वाहन नाली में गिर जाते हैं व स्कूटी सवार चोटिल हो जाते हैं। वैसे तो यह पूरा मार्ग ही खराब है, जब से जल निगम ने पानी व सीवर की लाइन के लिए मार्ग खोदा तब से इसकी दुर्दशा हो रही है व पिछली बरसात में की गई मरम्मत भी उखड गई है, हालांकि निगम ने इसमें ईटे बिछा रखी है लेकिन उसके बाद भी हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है जबकि पूर्व में यह मार्ग जब नगर पालिका के पास था तो तत्कालीन पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल ने इस मार्ग सहित लंढौर मुख्य बाजार के मार्ग में मैजेस्टिक रोड बनायी थी जो कि गत 15 वर्षाे से बहुत ही सुरक्षित बनी रही लेकिन अब दोनो मार्ग जल निगम के खोदे जाने से खराब हो गये। इस संबंध में पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल ने कहा कि मोती लाल नेहरू मार्ग पर रोड किनारे नालियों पर जाली न होने के कारण आये दिन दुर्घटनाएं हो रही है इस संबंध में कई बार नगर पालिका व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कहा गया लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। इस संबंध में जब लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र त्रिपाठी से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि रोड की जालियां गायब होना ठीक नहीं है इस पर आम जनता को भी जागरूक होना होगा वहीं इस पूरे मार्ग की मरम्मत व नालियों का शीघ्र आगणन तैयार कर शासन को भेजा जायेगा ताकि मरम्मत कार्य शुरू हो सके व नालियों से जाली न निकाली जा सके इसका भी प्रबंध किया जायेगा, लेकिन उसके बाद भी तीन माह बीत गये लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई जिससे लोगें में लगातार आक्रोश बढ रहा है। क्यो कि इस मार्ग पर स्कूल होने के कारण बड़ी संख्या में छात्राएं व छात्र जाते है तथा परिजनों को दुर्घटना का भय लगा रहता है। विभागों की निष्क्रियता का नुकसान आखिर जनता को कब तक भुगतना होगा।