मसूरी:- अत्यधिक बारिश होने के कारण इन दोनों जहां एक ओर जनजीवन अस्त-व्यस्त है वहीं दूसरी ओर जगह-जगह नाले बंद पड़े हैं, सड़के व पुस्ते टूटे हुए हैं जिससे पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
किंग्रेंग में भी काफ़ी दिनों से नाला बंद पड़ा हुआ था जिसका सारा पानी सड़क के माध्यम से लोगों की दुकानों में जा रहा था , जिसके कारण स्थानीय लोगो को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा इस संबंध में मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के महासचिव जगजीत कुकरेजा को अवगत कराया गया, उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनके द्वारा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से बात की गई तथा अनुरोध किया गया कि इस समस्या का समाधान तुरंत किया जाए। जगजीत कुकरेजा ने बताया कि आज से नाले के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है जिससे स्थानीय दुकानदारों ने राहत की सांस ली है। उन्होंने इस कार्य में सहयोग के लिए कैबिनेट मंत्री गणेशजोशी, पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, पूर्वअध्यक्ष मोहन पेटवाल का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।

