मसूरी-देहरादून मार्ग मरम्मत के लिए किया दो घंटे बंद, छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू की।

मसूरी। मसूरी-देहरादून मार्ग पर लगातार हो रहे भूस्खलन के चलते राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। शनिवार सुबह मार्ग का एक हिस्सा दोबारा क्षतिग्रस्त होने के बाद दो घंटे तक मार्ग को मरम्मत के लिए बंद रखा गया जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद फिलहाल मार्ग पर वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे शुरू करा दी गई है।
मसूरी देहरादून मार्ग पिछली आपदा के बाद से ही असुरक्षित हो गया है।जब भी बारिश होती है तो कहीं न कही रोड का पुश्ता ढह जाता है या भूस्खलन से रोड को नुकसान पहुंच रहा है। अभी भी कई स्थानों पर खतरा बना है, पता नहीं कब इन स्थानों पर रोड ढह जाये। आज प्रातः रोड का एक हिस्सा और ढह जाने के बाद रोड को पूरी तरह से बंद कर दिया गया व दो घंटे बाद रोड को खोला गया। इस दौरान रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। स्थानीय निवासी दीपक ने बताया कि बरसात का करीब एक महीना अभी बाकी है और ऐसे में मार्ग के कई हिस्सों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। उन्होंने आशंका जताई कि कोलूखेत पानी वाले बेंड के आसपास भी पहाड़ का मलबा सड़क पर आ सकता है, जिससे यातायात फिर बाधित होने की स्थिति पैदा हो सकती है। प्रशासन की ओर से बताया गया कि फिलहाल मार्ग पर अस्थायी रूप से आवाजाही शुरू करा दी गई है। सड़क को पूरी तरह दो-तरफा यातायात के लिए खोलने में करीब ’8 से 10 दिन’ का समय लग सकता है। फिलहाल भारी और बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। इसके लिए नीचे कुठाल गेट के पास ही एसडीएम की ओर से आदेश जारी किए गए हैं, जो बीती रात से प्रभावी हैं। लगातार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए आने वाले दिनों में भी इस मार्ग पर यात्रियों और वाहन चालकों को सावधानी के साथ सफर करना होगा। इस संबंध में एसडीएम राहुल आनंद ने बताया कि गत दिवस को रोड का एक हिस्सा गिरने के बाद से बडे वाहनों के चलने पर रोक लगा दी गयी थी व सीओ सहित मसूरी कोतवाली व राजपुर थाने को इस संबंध में निर्देश दिए गये थे जिससे जब तक रोड की मरम्मत नहीं की जाती तब तक बडे वाहन बंद रहेगे। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता के रिपोर्ट के आधार पर वन वे किया गया है व बडे वाहन बंद कर दिये गये है। उन्होंने कहा कि मसूरी का यातायात किमाड़ी मार्ग से किया जा रहा है हालांकि यहा पर भी करीब दो स्थान ऐसे है जहां पर किसी भी समय भूस्खलन हो सकता है जिसके लिए लोनिवि को सतर्कता बरतने व विभागीय कर्मचारियों को तैनात करने के लिए कहा गया है। वहीं मालदेवता से मसूरी आने वाले मार्ग का भी उपयोग किया जा सकता है। लोनिवि के सहायक अभियंता अरंविद ने बताया कि भारी वाहनों को रोका गया है व अन्य वाहनों के लिए मार्ग खोला जा चुका है। वहीं बडे वाहनों के लिए दस दिनों में रोड खोल दिया जायेगा। यह सिंकिंग जोन है जिसके कारण परेशानी हो रही है वहीं विभाग लगातार कार्य कर रहा है। वहीं विभाग ने विशेषज्ञों से क्षेत्र का निरीक्षण करवा दिया है उन्हीं के अनुसार कार्य किया जा रहा है।