घटिया निर्माण कार्य के चलते मसूरी लाइब्रेरी बस स्टैण्ड पर परिवहन निगम का नया बना टिकट घर नहीं झेल पा रहा पहली ही बरसात।

मसूरी:-लाइब्रेरी बस स्टैण्ड में उत्तराखंड परिवहन निगम ने यात्री विश्राम गृह व टिकट काउंटर बनाया, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता ठीक न होने से बरसात में टिकट काउंटर पर कार्य कर रहे परिवहन विभाग के कर्मचारियों व पर्यटकों को बारिश का पानी आने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश होने पर अंदर पानी आता है व सीवर लाइन का पानी भी बरसात में आने से लोगों को परेशानी होती है।
लाइब्रेरी बस स्टैण्ड का पुराना टिकट घर व यात्री विश्राम गृह रोपवे निर्माण के लिए तोड़ दिया गया था जिस कारण यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी होती थी व बारिश या धूप होने पर उन्हें सडक पर खडा रहने को मजबूर होना पड़ता था। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए उत्तराख्ंणड परिवहन निगम ने नया यात्री विश्राम गृह व टिकट घर बनवाया जिसमें इतना घटिया कार्य किया गया कि पहली ही बरसात में जगह जगह से चू रहा है यहां तक कि टिकट काउंटर पानी से भर जाता है व यात्रियों को बारिश से बचने के बजाय भीगना पड़ता है। लगातार शिकायत आने पर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने टिकट घर जाकर निरीक्षण किया व हो रही परेशानी पर उप प्रबंधक अंजलि से फोन पर वार्ता की व समस्याओं से अवगत कराया। जिस पर उन्होंने कहा कि उन्होंने ठेकेदार से इस संबंध में बात कर ली है व स्वयं मसूरी आकर निरीक्षण किया है। उन्होने बताया कि शीघ्र टिकट घर की समस्या का समाधान किया जायेगा। मौके पर मौजूद परिवहन निगम टिकट काउंटर के इंचार्ज धीरज मुनि शाह ने बताया कि बरसात में यहां भारी परेशानी होती है, चारो तरफ से पानी आता है टिकट काउंटर भी पानी से भर जाता है व पर्यटकों व यात्रियों कों भी बरसात में पानी टपकने से परेशानी होती है। उन्होंने यह भी बताया कि बरसात में सीवर का पानी बैक मारता है जो टिकट काउंटर पर आ जाता है व पर्यटकों को दुर्गध से जूझना पडता है व मुंह पर कपड़ा रख कर खडा रहना पडता है। मौके पर मौजूद भाजपा के पूर्व मडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने कहा कि टिकट काउंटर व यात्री विश्राम गृह में पानी आना कार्यदायी संस्था के कार्य पर सवाल खड़े करता है वहीं टिकट घर के दोनों ओर कूडे के ढेर लगे रहने से दुर्गध आती है जिससे स्थानीय लोगों सहित पर्यटकों को परेशानी होती है। इस संबंध में उपप्रबंधक अंजलि से फोन पर बात हुई उन्होंने शीघ्र समस्या के समाधान का निस्तारण करने का आश्वासन दिया है। मसूरी ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि जनता की परेशानी को देखते हुए मसूरी के विधायक व गणेश जोशी के प्रयासों से टिकट काउंटर व याात्री विश्राम गृह परिवहन निगम से बनवाया गया था, लेकिन कार्य की गुणवत्ता ठीक न होने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, इसे शीघ्र ठीक करवा दिया जायेगा व आस पास के क्षेत्र की सफाई करवायी जायेगी ताकि संदेश गलत न जाये। इस अवसर पर भाजपा मसूरी मंडल के उपाध्यक्ष अरविंद सेमवाल, अतुल अग्रवाल, अमित भटट, शानू वर्मा, सुनील रतूड़ी आदि मौजूद रहे।