मसूरी। पालिका सभासद जसबीर कौर ने जिलाधिकारी को एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित कर मांग की कि मसूरी में पार्किंग की समस्या के समाधान हेतु शासन को भेजे गए पार्किंग प्रस्तावों की जानकारी दी जाय व इस दिशा में हो रही प्रगति के बारे में बतायें।
विगत दिनों मसूरी में सीजन के दौरान पार्किग की समस्या के कारण पूरे माह जाम की स्थिति बनी रही। जिस पर शासन को मसूरी में पार्किग निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया जिसमें प्राइवेट स्थलों पर पार्किग बनाये जाने के प्रस्ताव भी थे, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई प्रगति नजर नहीं आ रही है, अगर इस दिशा में कोई कार्रवाई हुई है तो अवगत कराये ताकि अगले सीजन से पूर्व मसूरी में पार्किगों का निर्माण हो सके। ज्ञापन में कहा गया कि मसूरी एक विश्वप्रसिद्ध पर्यटन नगरी होने के साथ-साथ अत्यधिक संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्र भी है। प्रतिवर्ष लाखों पर्यटक मसूरी आते हैं, जिसके कारण यहां वाहनों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों तथा पर्यटकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। मसूरी में पार्किंग की गंभीर समस्या के समाधान हेतु स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों द्वारा समय-समय पर विभिन्न स्थानों पर पार्किंग निर्माण के प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजे गए हैं। इन प्रस्तावों से मसूरी में पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान किया जा सकता है और यातायात व्यवस्था को भी काफी हद तक सुचारु बनाया जा सकता है। मांग की गयी कि मसूरी से शासन को भेजे गए सभी पार्किंग संबंधी प्रस्तावों का विवरण उपलब्ध कराया जाए। इन प्रस्तावों पर शासन स्तर से प्राप्त जवाब, स्वीकृति, आपत्तियों अथवा वर्तमान स्थिति की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जिन प्रस्तावों को स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, उन पर शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए। ताकि अगले वर्ष आने वाले सीजन से पूर्व पार्किगों का निर्माण हो सके व जनता तथा पर्यटकों को जाम से मुक्ति मिल सके। वहीं जिन प्रस्तावों में कोई कमी अथवा आपत्ति है, उन्हें दूर कर पुनः शासन को भेजने की कार्यवाही की जाए। मसूरी की बढ़ती पर्यटन एवं यातायात की समस्या को देखते हुए पार्किंग निर्माण हेतु विशेष प्राथमिकता एवं समयबद्ध कार्ययोजना बनाई जाए। मसूरी की पार्किंग समस्या अब केवल यातायात की समस्या नहीं रह गई है, बल्कि यह स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों, व्यापारियों और आपातकालीन सेवाओं से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय बन चुका है। पार्किंग की समुचित व्यवस्था होने से सड़क किनारे होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग, जाम एवं यातायात संबंधी समस्याओं में काफी कमी आएगी। जनहित में आग्रह है कि इस गंभीर विषय पर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही करते हुए मसूरी के पार्किंग प्रस्तावों की वर्तमान स्थिति एवं शासन से प्राप्त जवाब की जानकारी उपलब्ध कराने तथा पार्किंग निर्माण की दिशा में ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने की कृपा करें। ज्ञापन के संबंध में जानकारी देते हुए पालिका सभासद जसबीर कौर ने कहा कि पूर्व में नगर पालिका ने प्राइवेट लोगों से पार्किग के निर्माण के लिए प्रस्ताव मांगे थे व कई लोग प्राइवेट पार्किग बनाना चाहते हैं, जिस पर सात प्रस्ताव शासन को भेजे गये है लेकिन आज तक इस दिशा में कितनी कार्रवाई आगे बढी इसका कोई पता नही है, जिस पर जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर वस्तुस्थिति की जानकारी लेने के लिए ज्ञापन दिया है जिससे अगले सीजन से पूर्व पार्किगों का निर्माण हो सके।

