शहर कांग्रेस ने एसआईआर के तहत मतदाताओं का नाम काटने का विरोध कर ज्ञापन दिया।

मसूरी। शहर कांग्रेस कमेटी मसूरी ने पीसीसी सदस्य उपेंद्र थापली व शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय जाकर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को मसूरी विधानसभा क्षेत्र 22 के अंतर्गत नियम विरूद्ध फार्म 7 भरकर वैध मतदताओं के नाम काटने को लेकर विरोध किया व ज्ञापन दिया गया।
बड़ी संख्या में कचहरी परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ता व मतदाता एकत्र हुए व एसडीएम कार्यालय के बाहर नारेबाजी की व उसके बाद सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रकरण अधिकारी को ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में कहा गया है कि एसआईआर प्रक्रिया के अंतर्गत मसूरी नगर के ऐसे पात्र मतदाताओं के नाम पर आपत्तियां दर्ज की गयी है जिनके नाम प्री एसआईआर प्रक्रिया में पात्र पाए गये है। ऐसे लोग जो कई दशकों से मसूरी की मतदाता सूची में दर्ज है व यहां के स्थानीय निवासी है। मसूरी के अलावा उनका नाम अन्य कहीं भी मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, लेकिन कुछ शरारती तत्वोंद्वारा संगठित होकर ऐसे पात्र मतदाताओं के नाम पर आपत्ति की गयी है। इस संबंध में अनुरोध है कि ऐसे शिकायतकर्ताओं की शिकायत को सुनवाई के प्राथमिक चरण में ही निरस्त किया जाय, सुनवाई के दौरान ऐसे शिकायतकर्ताओं का स्वयं उपस्थित रहना अनिवार्य किया जाय व अनुपस्थित रहने वाले शिकायतकर्ताओं की शिकायतों को भी मौके पर ही निरस्त की जाए, इस प्रकार की आपत्तियों का ब्योंरा पंजीकृत राजनीतिकि दलों के बीएलए -2 के साथ साझा किया जाय, शिकायत पर सुनवाई के दौरान ऐसे मतदाताओं की पात्रता के बारे में बीएलओ और स्थानीय सभासद से प्रमाणित कराया जाय। ज्ञापन में मांग की गयी है कि पात्र मतदाताओं के नाम न कट पाये और अपात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में जुड़ न पाए। इस भावना के साथ शिकायतों की सुनवाई सुनिश्चित की जाय तथा शुद्ध मतदाता सूची तैयार करने के लिए हमारे सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकार करें। इस मौके पर एसडीएम राहुल आनंद ने कहा कि कांग्रेस ने ज्ञापन दिया व उन्हें भरोसा दिया कि किसी पात्र का नाम नहीं कटेगा, लोग अपने दस्तावेज दे व एसआईआर प्रक्रिया में सहयोग करे। उन्होंने कहा कि मसूरी में आपत्तियों का निस्तारण करने के लिए शिविर लगाया जायेगा व मसूरी विधानसभा में जो देहरादून की जनता है उसके लिए देहरादून में शिविर लगाया जायेगा। उन्होंने कहा कि फार्म सेवन का निस्तारण पूरी निष्पक्षता से किया जायेगा। फार्म सेवन में आपत्तिकर्ता व मतदाता का नाम होता है अगर फोन नंबर में विसंगति पायी गयी तो उचित कार्रवाई की जायेगी। इस मौके पर पीसीसी सदस्य उपेंद्र थापली, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित गुप्ता, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर कौर, महेश चंद, सिराज अहमद, मौ. इस्लाम, राजीव अग्रवाल, नागेद्र उनियाल, ताहिर, शाहजेब, अली हसन, फरमान, मौ. आजम, मौ. फेजल, अखलाख, सलीम अहमद, दानिश, कामिल अली, नासिर हुसैन, नौशाद अली, तैयब सिद्धिकी, कासिम, सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।