मसूरी। रोटरी क्लब ऑफ मसूरी ने सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज में विशेष जीवन-रक्षक प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन सत्र का आयोजन किया । भारत-तिब्बत सीमा पुलिस मसूरी के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा संचालित इस कार्यक्रम में सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज और सनातन धर्म संस्कृत पाठशाला की लगभग 200 छात्र छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान आईटीबीपी के इंस्पेक्टर अखिलेश प्रताप और उनकी टीम ने छात्राओं को आपातकालीन स्थितियों से निपटने के महत्वपूर्ण गुर सिखाए। प्रशिक्षण सत्र में प्रमुख विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी गई जिसमें भूकंप सुरक्षा, झुको, ढको और पकड़ो की तकनीक, खोज एवं बचाव, मलबे से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और घायलों को उठाने की विधियां, प्राथमिक चिकित्सा अत्यधिक रक्तस्राव को नियंत्रित करना और हड्डी टूटने की स्थिति में प्राथमिक उपचार देना, आपातकालीन उपकरण उपलब्ध संसाधनों से अस्थायी स्ट्रेचर बनाना और रस्सी से बचाव उपकरणों का उपयोग, अग्नि सुरक्षा आग लगने की स्थिति में बचाव के तरीके और अग्निशामक यंत्र का सही इस्तेमाल करने का प्रशिक्षण दिया गया। इस संवादात्मक सत्र में छात्राओं ने गहरी रुचि दिखाई और स्वयं आगे आकर इन जीवन-रक्षक तकनीकों का अभ्यास एवं प्रदर्शन किया। बैठक की औपचारिक शुरुआत रोटरी क्लब मसूरी के अध्यक्ष अश्वनी मित्तल ने की। जबकि सत्र का संचालन रोटेरियन मयूर गर्ग ने किया। रोटरी क्लब मसूरी समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से समय-समय पर इस तरह के आपदा प्रबंधन कार्यक्रमों का आयोजन करता रहता है। इस अवसर पर सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या डा. नम्रता श्रीवास्तव ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके द्वारा इस पहल की सराहना की गई तथा इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की गई कि रोटरी क्लब मसूरी के माध्यम से विद्यालय में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिससे बच्चों को ऐसे व्यावहारिक और जीवन-रक्षक कौशल सीखने का अवसर प्राप्त हुआ, जो सामान्य रूप से उनके पाठ्यक्रम का हिस्सा नहीं हैं। कार्यक्रम में श्री सनातन धर्म सभा के संरक्षक राकेश अग्रवाल, मनोरंजन त्रिपाठी, सचिव नूपुर कर्णवाल कैंतुरा, शैलेंद्र कर्णवाल, दीपक गुप्ता, संजय अग्रवाल, शिवम अग्रवाल और विनेश संघल मौजूद रहे।

