नशा मुक्त भारत के तहत शिशु मंदिर सभागार में कार्यशाला का आयोजन किया गया।

मसूरी। इनर व्हील क्लब के तत्वाधान में महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु विद्यामंदिर इंटर कालेज सभागार में नशा मुक्त भारत व विकसित भारत संकल्प अभियान कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें युवाओं को नशे से दूर रहने के साथ ही स्वस्थ्य भारत व सशक्त भारत के निर्माण में योगदान का आहवान किया गया।
इस कार्यशाला में आचार्य उमेश नौटियाल ने छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने व भविष्य निर्माण का मार्गदर्शन दिया व कहा कि नशे की लत को छोड़कर स्वस्थ जीवन अपनाना ही समाज और राष्ट्र की उन्नति का असली मार्ग है। युवा पीढ़ी को नशे के अंधकार से निकालकर सकारात्मकता और उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाना हमारा संकल्प है। जब युवा नशे से दूर रहेंगे, तभी सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का सपना साकार होगा। गाँव-गाँव और शहर-शहर में जागरूकता फैलाकर हर नागरिक को नशे के खिलाफ एकजुट करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। कार्यशाला में लगभग 120 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि मसूरी में लगातार नशे का प्रकोप बढ रहा है उसे हर स्तर पर रोकने व युवाओं का मार्ग दर्शन कर इस लत को छुडवाने का प्रयास किया जायेगा व प्रयास किया जायेगा कि मसूरी में कहीं पर नशा नहीं बिके जिसके खिलाफ अभियान चलाया जायेगा। उन्होंने यह भी कहा कि समय समय पर ऐसी कार्यशाला आयोजित की जायेंगी जिससे युवा अपने भविष्य के प्रति जागरूक हों व अपने लक्ष्य को हासिल कर सकें। कार्यक्रम में छात्रों को अधिकार व कर्तव्यों के बारे में भी जानकारी दी गयी ताकि जहां वे अपने अधिकार के लिए आगे आते है वहीं अपने दायित्वो का निर्वहन करना भी सीखें। कार्यक्रम में कक्षा 9 से 11 तक के छात्र छात्राओं को सौ कैरीबैग वितरित किए गये। इस मौके पर इनरव्हील क्लब की अध्यक्षा किरण त्रिपाठी, रश्मि कर्णवाल, गीतू मनचंदा, चिकित्सा प्रकोष्ठ संयोजक डाक्टर सृष्टि कर्णवाल, रीना माथुर आदि मौजूद रहे।