मसूरी:- पर्यटन नगरी की सीवर व्यवस्था को सुधारने के लिए भारत सरकार के माध्यम से बड़ी योजना बनाई गई जिसे बने 15 साल हो गये है लेकिन यह योजना आज तक पूरी नहीं हो सकी व आये दिन सीवर बहने से जनता व पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है जिससे संबंधित विभाग की कार्य प्रणाली की पोल खुल रही है। लाइब्रेरी से अकादमी जाने वाले मार्ग पर कैंपटी बस स्टैण्ड के समीप पूरी रोड़ पर इतना सीवर बहा कि वहां तालाब बन गया व लोगों को आने जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
लाइब्रेरी चौक से कैपटी, अकादमी जाने वाले मार्ग पर भारी मात्रा में सीवर बहने से तालाब बन गया। सबसे अधिक परेशानी तो पैदल चलने वालों को हो रही है क्यो कि पूरी रोड पर सीवर बहने के कारण आना जाना कठिन हो रहा है व अगर गलती से वाहन आ गया तो उसके आने से छींटे कपड़ों पर पड़ रहे हैं वहीं दुर्गध के कारण लोगों को नाक पर रूमाल रखकर चलना पड़ रहा है । वहीं गर्मी होने से महामारी का खतरा अलग बढ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान के उपर दो बडे होटलो सहित आसपास कई होटल है जिनका सीवर खुले में बह रहा है। जिसके कारण पूरी रोड पर सीवर बह रहा है, सीवर बहने से स्कूटी सवार भी गिर रहे हैं लेकिन विभाग चैन की नींद सो रहा है। मसूरी की सीवर बहने से दयनीय स्थित हो गई है जिसका प्रभाव पर्यटन पर पड़ रहा है व मसूरी की छवि खराब हो रही है। यह केवल एक स्थान की बात है अगर पूरी मसूरी की बात करें तो कई स्थानों पर इसी तरह सीवर बह रहा है। वहीं जल संस्थान व जल निगम सीवर बहने पर एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा इतिश्री कर रहे हैं। इस संबध में जब जल संस्थान के अधिशासी अभियंता अमित कुमार से पूछा गया तो उन्होने कहा कि यह उनके संज्ञान में नहीं है। वहीं जलसंस्थान के अधिकारियों की चुनाव डयूटी लगी होने का बहाना बना कर पल्ला झाड़ दिया। स्थानीय व्यापारी नीरज ने बताया कि विगत कई वर्षों से पर्यटन सीजन के दौरान यहां पर सीवर की समस्या पैदा हो जाती है और इससे लोगों को काफी परेशानी होती है लेकिन अभी तक इसका ट्रीटमेंट नहीं किया गया है। स्थानीय निवासी सुनील कुमार ने कहा कि इस स्थान के उपर कई होटल हे जिनका सीवर बरसाती नाले की तरह बहता है लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती। हालात यह है कि बहते सीवर की दुर्गंध से चलना भी मुश्किल हो गया है। जल संस्थान के सहायक अभियंता टीएस रावत ने कहा कि जिन होटलों का सीवर बह रहा है उनको नोटिस दिया जाएगा वह उसके बाद चालान की कार्यवाही की जाएगी।

