मसूरी’:- लंढौर क्षेत्र में लगातार पानी की आपूर्ति सुनिश्चित न होने से क्षेत्र की जनता व व्यापारियों ने आक्रोश व्यक्त किया व जल संस्थान के कार्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया लेकिन जल संस्थान के अधिकारियों ने लंढौर पहुंच कर जनता की समस्या को सुना व आश्वासन दिया कि पानी की आपूर्ति शीघ्र सुनिश्चित की जायेगी।
लंढौर क्षेत्र में पानी की आपूर्ति में बाधा उत्पन्न होने पर क्षेत्र की जनता व व्यापारियों में जल संस्थान के खिलाफ आक्रोश है। इस संबंध में लंढौर की जनता ने जल संस्थान कार्यालय में प्रदर्शन करने का निर्णय लिया, लेकिन जल संस्थान के अधिकारी स्वयं लंढौर पहुंचे व क्षेत्र का निरीक्षण कर जनता व व्यापारियों के साथ बैठक कर समाधान का भरोसा दिलाया जिसके बाद मामला शांत हुआ। लंढौर के व्यापारी उपेंद्र पंवार ने कहा कि उनके घर में सात दिन से पानी नहीं आ रहा है व उन्होंने ही प्रदर्शन व जाम लगाने का निर्णय लिया जिसका लंढौर बाजार वासियों व व्यापारियों ने समर्थन किया। उन्होंने कहाकि यमुना पेयजल चालू होने पर भी पानी की बूंद बूंद को लंढौर क्षेत्र के लोग तरस रहे हैं अगर पानी आता भी है तो आधा घंटा या 15 मिनट तक बिना प्रेशर के आता है। जगजीत कुकरेजा ने कहा कि मंत्री की बैठक में भी मामला उठाया गया लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा है, अधिकारी फोन नहीं उठाते। उन्होंने कहा कि मंत्री गणेश जोशी के माध्यम से 144 करोड़ की युमना पेयजल योजना लाई गई लेकिन उसके बाद भी जनता को पानी न मिलना दुर्भाग्य पूर्ण है। इस मौके पर जल संस्थान के अधिशासी अभियंता अमित कुमार ने कहा कि जल निगम का पंप न चलने के कारण समस्या आयी है वहीं जल संस्थान के स्रोतों पर चालीस प्रतिशत पानी रह गया है, गर्मी होने के कारण स्रोत सूख रहे है, उसके बाद भी लंढौर क्षेत्र में पानी के टैंकर नहीं चल रहे, इससे लगता है कि पानी की आपूर्ति सामान्य है कभी समस्या हो जाती है। इस मौके पर जल संस्थान के सहायक अभियंता टीएस रावत ने कहा कि लंढौर में पानी की समस्या को लेकर निरीक्षण किया व क्षेत्र वासियों के साथ बैठक की व कम पानी व लो प्रेशर से पानी आने व पानी की टाइमिंग को लेकर भी समस्या सामने आयी। जिस पर भरोसा दिलाया गया कि जैसे ही रेंडम पानी विभाग को मिलता है उसी के आधार पर आर्पूिर्त की जाती है। लेकिन अब लंढौर वासियों को दो समय पानी दिया जायेगा वहीं सर्वे में अतिरिक्त टैंक बनानेे के लिए सर्वे से परमिशन मांगी जा रही है, जल निगम लगातार प्रयास कर रहा है। सर्वे में 3सौ केएल का टैंक बनाने का प्रयास किया जा रहा है जो टैंक है वह 180केएल का है जो भरने के बाद शीघ्र खाली हो जाता है। इस मौके पर व्यापार संघ के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने भी जल संस्थान से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा वहीं चेतावनी दी कि अगर समस्या का समाधान नहीं होगा तो आंदोलन किया जायेगा। इस मौके पर मनोज अग्रवाल, नफीसा बानो, असलम खान, संदीप अग्रवाल, अश्वनी मित्तल, जैकी, राहुल, सचिन गुप्ता, तनमीत, महेंद्र कुमार, अनिल गोयल, प्रवेश पंवार, अतुल अग्रवाल, हरिकिशोर बंसल, नागेद्र उनियाल, राज कुमार, जल संस्थान के जेई दीपक शर्मा, सहित बड़ी संख्या में लंढौर निवासी मौजूद रहे।

