वादा खिलाफी का लगाया आरोप।

मसूरी:-पालिका प्रशासन द्वारा वादाखिलाफी करने पर मजदूर संघ ने भारी नाराजगी व्यक्त की है। निर्णय लिया गया है कि तीन सूत्रीय मांगों को लेकर 28 अगस्त से पुनः शहीद स्थल पर अनिश्चितकालीन धरना, प्रदर्शन एवं भूख हड़ताल शूरू की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि गत दो दिन पहले उपजिलाधिकारी डॉ. दीपक सैनी से वार्ता के बाद मजदूर संघ ने 26 जुलाई से नगर पालिका प्रागण में प्रस्तावित अपना धरना स्थगित कर दिया था। बतौर पालिका प्रशासक डा. सैनी ने मजदूरों को आश्वत किया था कि ईओ राजेश नैथाणी 26 जुलाई को पालिका में मजदूर संघ पदाधिकारियों के साथ बैठकर कर कार्यवाही को आगे बढ़ाएंगे तथा उसी दिन शिफनकोर्ट आवासहीन लोगों को आवास बनवाने हेतु माता मंगला को पुनः स्मरण पत्र भेजेंगे। मजदूर संघ पदाधिकारियों का आरोप है कि वे बारिश के बावजूद दो दिनों से पालिका कार्यालय गए मगर वहां नगर पालिका के अधिकारियों से वार्ता नहीं हो पायी न ही वह मिल पाये। जिस पर आका्रेशित मजदूरों ने पालिका अधिकारियों पर मजदूरों के उत्पीडन व छल करने का आरोप लगाया। इस पर मजदूर संघ कार्यालय में बैठक कर अधिकारियों के गैर जिम्मेदाराना रवैये के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया गया। मजदूर संघ अध्यक्ष रणजीत चौहान और मंत्री संजय टम्टा ने कहा कि पालिका की नियत साफ नहीं है वे भोले भाले मजदरों को गुमराह कर आन्दोलन को तोड़ना चाहते हैं। उनसे उनका रोजगार छीनना चाहते हैं जिससे मसूरी का सबसे पुराना मजदूर मसूरी छोड़कर भाग जाय और फिर वे अपनी पूर्ण मनमानी कर सके, मगर ऐसा हरगिज नहीं होगा।  उन्होंने बताया कि संघ की बैठक में निर्णय लिया गया कि मजदूर संघ मांगों को लेकर अब 28 अगस्त से शहीद स्थल पर पुनः अनिश्चितकालीन धरना एवं भूख हड़ताल पर बैठेगा। इस संबध में मजदूर संघ ने एसडीएम मसूरी को ज्ञापन भी दिया है।