नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा मसूरी मंडल के प्रभारी ने बैठक ली, आपत्तियों को सुना गया।

मसूरी:-  नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा मसूरी मंडल में वार्ड आरक्षण पर आपत्तियों को लेकर भाजपा के मसूरी प्रभारी राज्यमंत्री कैलाश पंत ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक ली व आपत्तियों को सुना वहीं सुझाव भी लिए जबकि अध्यक्ष पद पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
राधाकृष्ण मंदिर सभागार में भाजपा मसूरी मंडल की बैठक में मसूरी प्रभारी कैलाश पंत की अध्यक्षता में नगर पालिका चुनावों को लेकर मंथन किया गया व पार्टी कार्यकर्ताओं से वार्ड स्तर पर चर्चा की व जिन कार्यकर्ताओं को आरक्षण पर आपत्ति थी उनको सुना व उनकी लिखित आपत्ति ली गई। बैठक में सभी 13वार्डों पर चर्चा की गई जबकि अध्यक्ष पद पर कोई सुनवाई नहीं की गई। इस मौके पर मसूरी प्रभारी राज्यमंत्री कैलाश पंत ने कहा कि नगर पालिका चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ वार्डों पर चर्चा की गई वहीं कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं से सुझाव भी लिए गये व मसूरी सीट भाजपा निकालेगी। उन्होंने कहा कि आपत्ति तो पूरे उत्तराखंड में नगर पालिका, नगर पंचायत नगर निगमों में लगाई जाती है, इसमें आपत्तियां सुनी जायेगी उस पर विचार किया जायेगा व जहां लगेगा की आरक्षण गलत हुआ है  उसे बदला जायेगा, उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के समय कार्यकर्ताओं में जोश रहता है, लेकिन बाद में सब शांत हो जाते हैं। उन्होंने अध्यक्ष पद ओबीसी करने पर कहा कि उस पर जो चुनाव लडेगा वह पार्टी का ही प्रत्याशी होगा जिनकी नाराजगी होगी उन्हें मना लिया जायेगा। इस मौके पर भाजपा मसूरी मंडल अध्यक्ष राकेश रावत ने कहा कि नगर पालिका चुनाव को लेकर वार्डों में जो आपत्तियां कार्यकर्ता देगें उसे लिया जायेगा उसे महानगर भेजा जायेगा जिसपर विचार किया जायेगा उसमें सात दिन का समय है, अगर कहीं लगेगा कि गलत हुआ है तो उस पर विचार किया जायेगा व इस संबध में जिलाधिकारी से मिला जायेगा ताकि आरक्षण बदला जा सके। उन्होंने कहा कि जैसे ही नगर पालिका अध्यक्ष पद की सीट ओबीसी महिला की गई उससे पूरा विपक्ष बौखला गया जिससे लगता है उन्होंने अभी से हार मान ली व इस बार पूरा बोर्ड भाजपा का भारी बहुमत से बनेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री मोदी की महिलाओं को आरक्षण देने की शुरूआत मसूरी से हो चुकी है आजादी के बाद पहली बार महिला ओबीसी सीट हुई है जिसका भाजपा कार्यकर्ता स्वागत करते है, वहीं जिन कार्यकर्ताओं को नारजगी है उन्हें आगे अवसर दिया जायेगा व उनको मना लिया जायेगा व पूरी ताकत से भाजपा कार्यकर्ता चुनाव में जुटेंगे। वहीं भाजपा महानगर उपाध्यक्ष पुष्पा पडियार ने एक बार फिर विरोध किया व कहा कि मसूरी को सामान्य महिला सीट की जाय ताकि सभी महिलाओं को अवसर मिल सके बाहरी प्रत्याशी को कतई बर्दास्त नहीं किया जायेगा व निर्दलीय महिला को चुनाव लड़ाया जायेगा। वहीं भाजपा मसूरी मंडल मंत्री नमिता कुमाई ने कहा कि वह भाजपा में तब से कार्यकर रही है जब भाजपा में कोई महिला नहीं होती थी विधायक के हर चुनाव में पूरी ताकत से कार्य किया अगर इस बार उन्हें टिकट नहीं दिया गया तो वह अपनी पांच सौ सदस्यों के साथ भाजपा से इस्तीफा  देंगी। बैठक में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल, वरिष्ठ कार्यकर्ता मदनमोहन शर्मा, राजेंद्र रावत, अनीता सक्सेना, अरविंद सेमवाल, मीरा सकलानी, अमित भटट, धर्मपाल पंवार, जसोदा शर्मा, विजय बिंदवाल, मनोज रेंगवाल, कमला थपलियाल, अनीता धनाई, राकेश ठाकुर, सतीश ढौडियाल, सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।