मसूरी :- नगर पालिका परिषद मसूरी की बोर्ड बैठक मे 99 प्रस्ताव लाए गए जिनमें सर्वसम्मति से 91 प्रस्ताव पास किए गए । वर्ष भर के आय-व्यय का विवरण सदन में प्रस्तुत किया गया। बैठक में शिफन कोर्ट के 84 बेघर परिवारों को आईडीएच मसूरी में 2100 वर्ग मीटर भूमि हंस फाउंडेशन को आवास बनाए जाने के लिए प्रस्ताव पास किया गया, हंस फाउंडेशन आवास बना कर नगर पालिका परिषद मसूरी को सोंपेगी, इसके बाद नगर पालिका परिषद मसूरी शिफनकोर्ट के प्रभावितों को आवास आवंटित करेंगी, भूमि स्थानांतरण शहरी विकास विभाग की स्वीकृति के बाद हंस फाउंडेशन को की जाएगी। नगर पालिका परिषद मसूरी द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों पर मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा की जा रही कार्यवाही का विरोध किया गया और प्राधिकरण के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया गया पालिका की बोर्ड बैठक में सभी सभासदों ने एक स्वर में मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण का विरोध किया। कोलू खेत बैरियर पर फास्टैग लगाने का सभी सभासदों के विरोध के बाद निरस्त किया गया। मेसानिक लाज पार्किंग के द्वितीय चरण के कार्य के लिए 2 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए। कंपनी बाग को 15 साल के लिए कंपनी गार्डन वेलफेयर एसोसिएशन को देने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पास किया गया।
पालिका द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने क्रमवार पटल पर रखा और सभी सभासदों ने ध्वनिमत से इसका स्वागत किया, नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि पर्यटक सीजन शुरू होने वाला है ऐसे में जितने भी विकास कार्य किए जाने हैं उनको पर्यटक सीजन से पहले पूर्ण किए जाने हेतु अधिकारियों को दिशा निर्देशित कर दिया गया है, उन्होंने कहा कि इसके अलावा भी विभिन्न योजनाएं पालिका द्वारा संचालित की जा रही है जिसमें मैसोनिक लाज बस स्टैंड का चौड़ीकरण, सड़कों की मरम्मत कार्य शहर में कई स्थानों पर अत्याधुनिक शौचालयोंकानिर्माण आदि शामिल है।
पालिका सभासद गीता कुमाई ने कहा कि बैठक में उन्होंने सुझाव रखा की बोर्ड बैठक से पहले सभी सभासदों को सूचित किया जाना चाहिए ताकि वह अपने वार्डों की समस्याओं को बैठक में ही रख सकें। उन्होंने एमडीडीए की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिन्ह लगाते हुए कहा कि पालिका की बोर्ड बैठक में किए गए प्रस्तावों के बाद भी विभाग द्वारा उन पर कार्यवाही की जाती हैं जिसका वो विरोध करती हैं। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी राजेश नैथानी, स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर आभास, पालिका सभासद नंदलाल सोनकर, प्रताप पवार, दर्शन रावत, सुरेश थपलियाल, पंकज खत्री, कुलदीप रौछेला, गीता कुमाई, जसवीर कौर, सरिता पवार, सरिता कोहली. जसोदा शर्मा, आरती अग्रवाल, मनीषा खरोला, मदन मोहन शर्मा सहित पालिका परिषद के कर्मचारी व अन्य लोग मौजूद रहे

