मसूरी। भारी बारिश के चलते मसूरी से लगे मसूरी विधानसभा के ग्राम पंचायत चामासारी की मुख्य रोड पूरी तरह से पहाड़ी से भूस्खलन होने के बाद बंद हो चुकी है। बार्लाेगंज से चमासारी तक जाने वाली मोटर रोड भारी बारिश से कटने की वजह से ग्रामीणों का एक मात्र मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है।
चामासारी के ग्राम प्रधान विक्रम सिह रावत ने बताया कि कंपनी बाग के आगे सड़क का एक हिस्सा पहाड़ी खिसकने के कारण पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे ग्रामीणों और स्कूल जाने वाले बच्चों के रास्ते भी पूरी तरह बंद हो गए हैं। लोक निर्माण विभाग और प्रशासन से मांग की गयी है कि सड़क के बंद हिस्से को खोलने के लिए जल्द से जल्द जेसीबी मशीनें उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने बताया कि जहां रोड बंद हुई है उसमें बार्लाेगंज झाड़ीपानी से सिमियाना तक की 4 किलोमीटर लंबी सड़क पूरी तरह बंद है। सिमियाना से चामासारी तक का पैदल रास्ता भी बंद है। राजपुर से तालियानीगाड तक सड़क का हिस्सा भी बंद हो गया है। सिमियाना कंपनी बाग से तालियानीगाड तक की सड़क भी बंद है। और खेत वाला की रोड पहले से ही बंद पड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत चामासारी सभी क्षेत्र से कट गया है वहीं रोड बंद होने से बच्चे स्कूल भी नहीं जा पा रहे हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से जेसीबी मशीन भेज कर मार्ग खुलावाने की मांग की है जिससे ग्रामीणों को राहत मिल सके।

