देवलसारी के पौराणिक कोनेश्वर महादेव मंदिर में पारंपरिक हरियाली महोत्सव शुरू।

मसूरी। उत्तराखंड की देवभूमि की समृद्ध लोकपरंपराओं, आस्था और प्रकृति के अद्भुत संगम का प्रतीक पौराणिक कोनेश्वर महादेव मंदिर देवलसारी में इस वर्ष भी पारंपरिक हरियाली महोत्सव का आयोजन श्रद्धा एवं उल्लास के साथ किया जा रहा है। प्राकृतिक देवदार के घने जंगलों के मध्य स्थित यह पौराणिक मंदिर लंबे समय से क्षेत्रवासियों की धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। देवलसारी का कोनेश्वर महादेव मंदिर जहाँ आस्था, परंपरा और प्रकृति एक साथ साकार होती हैं।
ग्राम पूजाल्डी ने कोणेश्वर महादेव मदिर में विधिवत पूजा अर्चना व पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ विधिवत एवं भव्य रूप से हरियाली डाली गई, जिसके साथ नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन का शुभारंभ हुआ। आयोजन के अंतर्गत 29 अगस्त को कालरात्रि तथा 30 अगस्त को हरियाली पूजन का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी के साथ नौ दिवसीय महोत्सव का विधिवत समापन होगा। ग्राम प्रधान शांति प्रसाद गौड़ ने बताया कि कोनेश्वर महादेव मंदिर ग्राम पूजाल्डी, ठीक, बंगसील एवं तेवा के ग्रामवासियों की गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। पीढ़ियों से इन गांवों के लोग भगवान कोनेश्वर महादेव को अपने आराध्य देव के रूप में पूजते आ रहे हैं। भगवान कोनेश्वर महादेव के प्रति इसी गहरी आस्था और परंपरा के अनुरूप यह विशेष महोत्सव प्रत्येक तीसरे वर्ष आयोजित किया जाता है। स्थानीय मान्यता के अनुसार, प्राकृतिक देवदार के घने जंगल के मध्य विराजमान भगवान कोनेश्वर महादेव के दरबार में जो श्रद्धालु सच्ची श्रद्धा एवं निर्मल मन से प्रार्थना करता है, उसकी मनोकामना पूर्ण होती है। यही विश्वास इस पौराणिक एवं रमणीक धार्मिक स्थल को श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र बनाता है। हरियाली महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि लोक संस्कृति, प्रकृति संरक्षण और सामुदायिक एकता का उत्सव भी है। सदियों से चली आ रही इस परंपरा में प्रकृति के प्रति सम्मान, स्थानीय देवी-देवताओं के प्रति श्रद्धा तथा ग्रामीण समाज की सामूहिक सहभागिता की सुंदर झलक देखने को मिलती है। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी बृजलाल गौड़, राम प्रसाद गौड़, जनार्दन कोठारी, राम लाल गौड़, वीरेंद्र गौड़, शियाराम गौड़, सुरेंद्र गौड़, डॉ. उदय गौड़, प्रकाश गौड़, हरीश गौड़, राजेश गौड़, अनिल कोठारी, भोला गौड़, हरी प्रसाद, कुलदीप गौड, लाखी सहित अनेक श्रद्धालु एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्राम प्रधान शांति प्रसाद गौड़ ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से 29 अगस्त को कालरात्रि तथा 30 अगस्त को हरियाली पूजन के अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में कोनेश्वर महादेव मंदिर, देवलसारी पहुंचकर इस पौराणिक एवं पवित्र धार्मिक आयोजन में सम्मिलित होने का आग्रह किया है।