मसूरी : -वन विभाग द्वारा जारी की गई अनुमति के बाद माल रोड पर काटे गए वृक्ष को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा इसकी शिकायत मसूरी वन प्रभाग को की गई थी। जिस पर आज प्रभागीय वन अधिकारी वैभव कुमार द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया, जिस पर उन्होंने निर्देशित किया कि उक्त स्थान पर चार वृक्ष लगाकर इसकी भरपाई की जाए साथ ही उन्होंने अधीनस्थ कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसी भी खतरनाक वृक्ष के कटान से पूर्व एसडीओ मसूरी द्वारा उसका स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा उसके बाद ही उसकी अनुमति प्रदान की जाएगी।
बताते चलें कि माल रोड पर होटल सम्राट के निकट एक बड़े वृक्ष को काट दिया गया था जिस पर स्थानीय लोगों ने कड़ी आपत्ति दर्ज की और डीएफओ मसूरी को इसकी शिकायत की गई जिसके बाद वन विभाग द्वारा इस स्थान का निरीक्षण किया गया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रभागीय वन अधिकारी ने कहा कि खतरनाक वृक्ष की परिभाषा को देखते हुए निर्णय लिया गया है कि एसडीओ द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के बाद ही वृक्ष के पातन की अनुमति दी जाएगी और किसी भी ऐसे वृक्ष के पातन की अनुमति नहीं दी जाएगी जिससे जान माल का खतरा न हो।
उन्होंने कहा कि मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्रों को लेकर नगर पालिका परिषद मसूरी वन विभाग और एमडीडीए द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा और यदि अनियमित पाई जाती है तो उनकी अनापत्ति प्रमाण पत्र को निरस्त कर दिया जाएगा।

