मसूरी:- मसूरी देहराूदन मार्ग पर गलोगी पावर हाउस के सामने जंगल में आग लगने से भारी मात्रा में जंगल जल कर खाक हो गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची व आग बुझाने का प्रयास कर रही है जिससे आग अन्य क्षेत्रों में न फैल पाये।
गलोगी पावर हाउस के समीप ग्राम क्यारकुली के जंगल में आग लग गई व करीब तीन घंटे हो चुके है लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका है, आग लगने से जंगल को भारी नुकसान हो गया व कई पेड़ जल कर खाक हो गये। सूचना मिलने पर वन विभाग की दो टीमें मौके पर पहुची हैं व आग बुझाने का प्रयास कर रही है। इस संबध में डिप्टी रेंजर जगजीवन लाल ने बताया कि जैसे ही आग लगने की सूचना मिली तत्काल दो टीमें मौके पर रवाना कर दी गई है। उन्होंने बताया कि जंगल में चटटान होने व रास्ता न होने के कारण आग बुझाने में परेशानी हो रही है लेकिन विभाग की दो टीमें दोनों ओर के नाले में आग बुझाने का कार्य कर रही है ताकि आग आगे न बढ सके व वहीं पर रोक दिया जाय। मालूम हो कि जंगल होने व रास्ता न होने से इस स्थल पर अग्नि शमन विभाग का वाहन भी नहीं जा सकता जिस कारण वन विभाग के कर्मी ही आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं।

