हरेला पर्व पर आईटीबीपी अकादमी में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने किया वृक्षारोपण।

मसूरी। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने हरेला पर्व के अवसर पर मसूरी स्थित आईटीबीपी अकादमी परिसर में आईटीबीपी के अधिकारियों एवं हिम प्रहरियों के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आईटीबीपी द्वारा किए जा रहे वृक्षारोपण अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमारे हिम प्रहरी देश की सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित भविष्य सुनिश्चित करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसके संरक्षण और संवर्धन का भी संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखा जाए। मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग मिलकर प्रकृति संरक्षण के इस अभियान में भागीदारी निभाएं, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और समृद्ध प्राकृतिक धरोहर प्रदान की जा सकती है। इस दौरान टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी सहित आईटीबीपी के वरिष्ठ अधिकारी, जवान एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।