मसूरी। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के तत्वाधान में शहीद स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारी व राम मंदिर आंदोलन में सक्रिय भागीदारी करने वाले डा. हरिमोहन गोयल के निधन पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गयी व उनके राज्य आंदोलन व राम मंदिर आंदोलन में योगदान को याद किया गया।
बड़ी संख्या में शहर के विभिन्न राजनैतिक व सामाजिक संगठनों के लोग शहीद स्थल पर एकत्र हुए व वहां डा. हरिमोहन गोयल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर राज्य आंदोलनकारी मंच के अध्यक्ष देवी गोदियाल ने कहा कि डा. हरिमोहन गोयल उन राज्य आंदोलनकारियों में थे जिन्होंने सबसे अधिक उत्पीड़न सहा। डा. गोयल राज्य आंदोलन में जेल तो गये ही लेकिन 14 साल तक सीबीआई के मुकदमें झेले , उन्हें अपने खर्चें पर इलाहाबाद जाना पड़ता था। उनके आकस्मिक निधन से राज्य आंदोलनकारियों में गहरा दुःख है। वहीं उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने राज्य निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाई उनकी मृत्यु पर उन्हें सरकार की ओर से राजकीय सम्मान दिया जाना चाहिए। इस मौके पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि डा. हरिमोहन गोयल भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता थे वहीं वह संघ के भी सक्रिय कार्यकर्ता थे। उन्होंने राम मंदिर आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई वहीं उसके बाद उत्तराखंड राज्य आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका निभा कर पुलिस के उत्पीडन को सहा व 14 वर्षों तक सीबीआई का मुकदमा भी लड़ा। उनके निधन से भाजपा सहित पूरा शहर शोकाकुल है। डा. गोयल राजनीति के साथ ही चिकित्सक भी थे व कभी किसी निर्धन से उपचार के पैसे नहीं लेते थे बल्कि उनकी मदद करते थे वहीं वह निर्भीक पत्रकार भी थे व अपने लेखों से वह समाज व शासन प्रशासन को जगाने का भी कार्य करते थे। उनका एक साप्ताहिक समाचार पत्र भी था। उनके निधन से हर मसूरी वासी शोक संतप्त है। इस मौके पर पालिका सभासद विजय रमोला, विजय बिंदवाल, अनिल गोयल, गुडमोहन राणा, अनिल गोदियाल, धनेंद्र पुंडीर, ममता राव, देवेंद्र बर्त्वाल, श्याम सिंह चौहान, रमेश गोयल, दर्मियान सिंह कंडारी सहित आंदोलनकारी मौजूद रहे।

